पीएम मोदी की सुरक्षा चूक पर चर्चा के बजाय कर्नाटक सरकार दूसरी चीजों में व्यस्त: शोभा करंदलाजे

0
5

बेंगलुरु, 11 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने बेंगलुरु में पीएम मोदी की सुरक्षा में हुई चूक को लेकर कर्नाटक सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान सुरक्षा में हुई चूक पर चर्चा करने के बजाय राज्य सरकार उनके भाषण और टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देने में व्यस्त है।

केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि मैं राज्य सरकार से पूछना चाहती हूं कि आपकी प्राथमिकता क्या है। किस विषय के लिए ध्यान दे रहे हैं, पीएम मोदी के भाषण की चर्चा कर रहे हैं। पीएम मोदी की सुरक्षा में कैसे चूक हुई। पीएम मोदी के रूट पर जिलेटिन कैसे पहुंचा। ये सारे केबल कहां से आए, उन्हें वहां किसने रखा और कब रखा।

उन्होंने कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए थी लेकिन वे ऐसा नहीं कर रहे हैं। प्रधानमंत्री वहां क्यों आए थे, उन्होंने क्या कहा, इसे लेकर सीएम और डिप्टी सीएम बात कर रहे हैं। वे प्रधानमंत्री की सुरक्षा करना भूल गए और उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह कांग्रेस की राज्य सरकार है जो पीएम मोदी को देश का नहीं बल्कि भाजपा का पीएम मानती है। हालांकि, वे देश के प्रधानमंत्री हैं, सिर्फ एक पार्टी के प्रधानमंत्री नहीं हैं। जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब हम कहते थे कि वे देश के प्रधानमंत्री हैं। हमने कभी नहीं कहा कि वे कांग्रेस पार्टी के पीएम थे। पीएम की सुरक्षा को लेकर उन्हें अलर्ट रहना चाहि था लेकिन वह ध्यान नहीं दे रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री कर्नाटक में मौजूद हैं लेकिन राज्य सरकार उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। 100 से अधिक इंस्पेक्टरों और सब-इंस्पेक्टरों का तबादला कर दिया गया। वह लिस्ट अभी भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। प्रधानमंत्री राज्य में हैं और उनका दौरा चल रहा है लेकिन राज्य सरकार कोई अहमियत नहीं दे रही है।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक में सत्ता की अंदरूनी लड़ाई चल रही है। यहां तो चर्चा है कि सिद्धारमैया पूरे 5 साल मुख्यमंत्री रहेंगे और बीच में पद डी.के. शिवकुमार को सौंप दिया जाएगा। कांग्रेस भी अंदरूनी तौर पर इस पर चर्चा कर रही है। एक गुट सिद्धारमैया के पक्ष में है और दूसरा डी.के. शिवकुमार के पक्ष में। कुछ गुट दोनों के खिलाफ भी हैं। कुल मिलाकर चार गुट बने हुए हैं। कांग्रेस का ध्यान राज्य के विकास में नहीं बल्कि कुर्सी को लेकर है।

केरल में सीएम की घोषणा को लेकर केंद्रीय मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि वहां तो कांग्रेस को बहुमत है लेकिन अब तक सीएम की घोषणा नहीं हो सकी है। सवाल यह है कि वहां सीएम किसकी पसंद का होगा। राहुल गांधी से लेकर सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की पंसद वाले सीएम बनेंगे, ऐसी भी चर्चा हो रही है।

‘वंदे मातरम’ को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि वंदे मातरम कोई विवादास्पद मुद्दा नहीं है। वंदे मातरम ने स्वतंत्रता संग्राम में हजारों-लाखों लोगों को प्रेरित किया और बलिदान के लिए प्रोत्साहित किया। इसका नारा था भारत माता की जय के साथ वंदे मातरम। इसने तमिलनाडु समेत पूरे देश में आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हैदराबाद में एक सभा के दौरान पीएम मोदी की देशवासियों से की गई अपील का केंद्रीय मंत्री ने समर्थन किया।