रायपुर, 11 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर ने तय अवधि के लिए विभिन्न विभागों में सॉफ्टवेयर डेवलपर सहित कुल 6 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इन पदों के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 8 मई से शुरू हो गई है
एनआईटी ने जिन रिक्त 6 पदों पर पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं, उनमें रिसर्च एसोसिएट – III का 1, सॉफ्टवेयर डेवलपर के 2, फील्ड वर्कर का 1, और जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) के 2 पद शामिल हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 23 मई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) पद के लिए कंप्यूटर विज्ञान एवं इंजीनियरिंग/सूचना प्रौद्योगिकी/इलेक्ट्रॉनिक्स/विद्युत/एआई/डेटा विज्ञान/अनुप्रयुक्त भूविज्ञान/सिविल/खनन या समकक्ष में बीई/बीटेक और एमई/एमटेक की डिग्री न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों या 6.5 सीजीपीए के साथ एमई/एमटेक/एमसीए में होनी चाहिए या राष्ट्रीय महत्व के संस्थान से बीई/बीटेक न्यूनतम 80 प्रतिशत अंकों या 8.5 सीजीपीए के साथ होनी चाहिए।
रिसर्च एसोसिएट – III पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास कंप्यूटर विज्ञान एवं इंजीनियरिंग/सूचना प्रौद्योगिकी/इलेक्ट्रॉनिक्स/जैव-चिकित्सा इंजीनियरिंग/विद्युत/एआई/डेटा विज्ञान/अनुप्रयुक्त भूविज्ञान/सिविल/खनन या समकक्ष में पीएचडी और एमई/एमटेक की डिग्री या एमई/एमटेक के बाद कम से कम दो शोध पत्र प्रकाशित किए होने चाहिए। इसी के साथ अभ्यर्थियों के पास कम से कम दो शोध पत्र साइंस साइटेशन इंडेक्स्ड (एससीआई) जर्नल में प्रकाशित किए होने चाहिए।
सॉफ्टवेयर डेवलपर पद के लिए कैंडिडेट्स के पास कंप्यूटर विज्ञान एवं इंजीनियरिंग/सूचना प्रौद्योगिकी/इलेक्ट्रॉनिक्स/एआई/डेटा साइंस में बीई/बीटेक या एमसीए या समकक्ष डिग्री न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों या 65 सीजीपीए के साथ होना चाहिए। वहीं, फील्ड वर्कर पद के लिए आवेदक के पास कंप्यूटर विज्ञान/आईटी में बीएससी या बीसीए या समकक्ष या किसी भी विषय में बीई/बीटेक की डिग्री होनी चाहिए।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 25,000 से 67,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
इंटरव्यू 25 मई को एनआईटी-रायपुर में सुबह 11 बजे से संबंधित पद के अनुसार सूचना प्रौद्योगिकी विभाग या सिविल इंजीनियरिंग विभाग में आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनआईटी-रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। फिर आवेदन पत्र को स्कैन कर एक ही पीडीएफ फाइल में सभी संबंधित मार्कशीट/दस्तावेज, आयु प्रमाण पत्र, शोध अनुभव प्रमाण पत्र (यदि कोई हो) और सीवी के साथ दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर मेल कर दें। लास्ट में रजिस्ट्रेशन फॉर्म की एक हार्ड कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकालकर रख लें।

