लखनऊ, 11 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोमवार को समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा अब ‘गुंडों और गालीबाजों की पार्टी’ बन चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की कथित अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए पार्टी नेतृत्व से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पंकज चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सपा सांसद द्वारा प्रधानमंत्री के लिए जिस प्रकार की अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है, वह लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। यह बयान न केवल प्रधानमंत्री पद का अपमान है, बल्कि देश की 140 करोड़ जनता की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाने वाला है।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री का पद किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी चुनावी हार के बाद लगातार भाषा की मर्यादा खोती जा रही है।
पंकज चौधरी ने कहा कि जब-जब जनता सपा को नकारती है, तब-तब उसके नेता व्यक्तिगत टिप्पणियों और अपशब्दों का सहारा लेते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना सभी दलों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने सपा प्रमुख से जवाब मांगते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणी करने वाले सांसद पर कार्रवाई नहीं की जाती और उन्हें पार्टी से बाहर नहीं किया जाता तो यह माना जाएगा कि यह बयान पार्टी नेतृत्व की सहमति से दिया गया है।
दरअसल, सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। भाजपा ने इसे मुद्दा बनाते हुए सपा पर राजनीतिक और नैतिक मर्यादाएं तोड़ने का आरोप लगाया है।

