Saturday, June 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति देश की सुरक्षा के लिए बंगाल को टीएसी से मुक्ति दिलाना जरूरी...

देश की सुरक्षा के लिए बंगाल को टीएसी से मुक्ति दिलाना जरूरी था: सीएम माणिक साहा

0
17

गुवाहाटी, 11 मई (आईएएनएस)। हिमंता बिस्वा सरमा 12 मई को असम के मुख्यमंत्री के रूप में दोबारा शपथ लेंगे। उनके शपथ ग्रहण समारोह के लिए कई राज्यों के मुख्यमंत्री समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता पहुंचने लगे हैं। इसी कड़ी में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री प्रो. डॉ. माणिक साहा सोमवार को ही गुवाहाटी पहुंचे।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “यह बंगाल के लिए बहुत महत्वपूर्ण था। केवल वहां के लोग ही नहीं, बल्कि पूरा देश टीएमसी से राहत चाहता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में जीत के लिए बहुत मेहनत की है। भाजपा के राष्ट्रीय नेता के साथ मुख्यमंत्रियों ने भी पश्चिम बंगाल में काफी मेहनत की। मैं खुद 18-19 जगहों पर जनसभाएं और रैलियां कीं, जिसकी वजह से अच्छा परिणाम मिला। देश की सुरक्षा के लिए बंगाल को टीएमसी से मुक्ति दिलाना बहुत जरूरी था। पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी और असम के चुनाव परिणाम से सभी लोग खुश हैं।”

माणिक साहा ने कहा, “जिस तरह से हिमंता बिस्वा सरमा असम को आगे ले जा रहे हैं, यह और भी अधिक प्रगति करेगा। सनातनी लोगों के लिए जिस तरह असम के मुख्यमंत्री ने काम किया है, उसका फायदा मिला है। देश की भलाई के लिए घुसपैठियों पर अंकुश लगाना जरूरी है। त्रिपुरा में घुसपैठियों को रोकने के लिए काफी दिनों से अभियान चल रहा है और बॉर्डर पर त्रिस्तरीय सुरक्षा है, इसलिए घुसपैठियों को त्रिपुरा में घुसते ही पकड़ लेते हैं।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सभी राज्यों के लिए काम करते हैं। इसकी वजह से भाजपा लगातार जीत हासिल कर रही है। हमारे वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में देशवासी खुश हैं।

इससे पहले गुवाहाटी के गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में माणिक शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने और असम में भाजपा 3.0 की ऐतिहासिक शुरुआत का साक्षी बनने के लिए बेहद उत्साहित हूं। विकास, प्रगति और सशक्त शासन जारी है।