दुबई, 12 मई (आईएएनएस)। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीमों के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को खेला गया था। मैच के दौरान न्यूजीलैंड की तरफ से ओवर फेंकने की गति धीमी रही। इस वजह से टीम पर जुर्माना लगाया गया है।
समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद अमेलिया केर की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड एक ओवर पीछे रही थी। इस वजह से टीम पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी की हेलेन पैक ने यह सजा सुनाई।
आईसीसी ने एक बयान में कहा, “खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। यह हर उस ओवर के लिए जो उनकी टीम निर्धारित समय में नहीं फेंक पाती है।”
न्यूजीलैंड की टीम निर्धारित समय पर एक ओवर पीछे रही थी, इसलिए 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
कप्तान केर ने अपराध स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित सजा मान ली। इस वजह से किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। ऑन-फील्ड अंपायर जैकलीन विलियम्स और रोज डोवी, और तीसरे अंपायर सू रेडफर्न ने यह आरोप लगाया था।
मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड को हार का सामना करना पड़ा था। न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.4 ओवर में 210 रन पर सिमट गई थी। न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक 88 रन मैडी ग्रीन ने बनाए थे। कप्तान अमेलिया केर ने 55 रन की पारी खेली थी।
इंग्लैंड ने 48.2 ओवरों में 9 विकेट पर 211 रन बनाकर मैच 1 विकेट से जीता। इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक 59 रन माया बुशियर ने बनाए थे। इसके अलावा, फ्रेया कैंप ने 30 और कप्तान चार्ली डेन ने 31 रन बनाए थे।
2 विकेट लेने और 31 रन बनाने वाली इंग्लैंड की कप्तान चार्ली डेन प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।

