नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी की घर से काम करने, ऑनलाइन कक्षाओं और कार पूलिंग की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे विशेष परिस्थितियों में उठाया गया एक व्यावहारिक कदम बताया।
आरपी सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनए से बातचीत करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री बार-बार लोगों से कह रहे हैं कि हम पेट्रोल और डीजल की जितनी बचत करेंगे, उतना ही बेहतर होगा, क्योंकि इसका बोझ हमारे विदेशी मुद्रा भंडार और अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। एक साल सोना नहीं खरीदने से देश को बहुत लाभ होगा। लगभग 70 खरब रुपए का सोना हर साल भारत में खरीदा जाता है। इसकी वजह से विदेशी मुद्रा भंडार कम होता है। तेल की कीमतों का असर आम आदमी पर न पड़े, इसलिए प्रधानमंत्री की अपील जायज है। देशवासियों को कम से कम डीजल-पेट्रोल और सोना खरीदना चाहिए।”
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री सुजीत बोस से जुड़े नगर निगम भर्ती घोटाले में ईडी की कार्रवाई पर आरपी सिंह ने कहा, “पश्चिम बंगाल में घोटालेबाजों की लंबी सूची है। पहले नंबर पर सुजीत बोस थे, जिन पर कार्रवाई हुई है। भाजपा ने पहले ही वादा किया था कि पश्चिम बंगाल को भ्रष्टाचार मुक्त करेंगे। इसी कड़ी में अब भ्रष्टाचारियों पर लगातार कार्रवाई होगी।
पश्चिम बंगाल की नई सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर बाड़ लगाने को लेकर बीएसएफ को भूमि आवंटित करने पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा, “यह अपने आप में एक बहुत बड़ा कदम है कि हम अपनी सीमाओं को सील कर सकते हैं, क्योंकि केंद्रीय एजेंसियों और केंद्र सरकार ने ममता बनर्जी से बार-बार जगह मांगी, लेकिन उन्होंने देने से इनकार कर दिया, क्योंकि बांग्लादेशी प्रवासी उनके वोट बैंक माने जाते थे।”
आरपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को पूरा करने में असम भी अपना योगदान दे, इसलिए वहां की जनता ने भाजपा को अपना समर्थन दिया है। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए हिमंता बिस्वा सरमा दोबारा मुख्यमंत्री बने हैं।

