रांची के हिंदपीढ़ी में नशे के कारोबार का भंडाफोड़, महिला समेत 6 गिरफ्तार, 8 लाख से ज्यादा कैश बरामद

0
2

रांची, 12 मई (आईएएनएस)। रांची की पुलिस ने शहर के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित खेत मोहल्ला बच्चा कब्रिस्तान इलाके में चल रहे नशे के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए छह तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इनके पास से ब्राउन शुगर, गांजा और करीब 8.74 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक महिला भी शामिल है। वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि हिंदपीढ़ी इलाके में कुछ लड़के एजेंटों के जरिए बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस टीम में हिंदपीढ़ी, कोतवाली, डेली मार्केट, लोअर बाजार और महिला थाना के प्रभारियों को शामिल किया गया था। जब पुलिस की टीम बच्चा कब्रिस्तान के पास पहुंची, तो वहां मौजूद तस्कर पुलिस को देखते ही गलियों में भागने लगे।

हालांकि, मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर पांच युवकों को खदेड़ कर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ चरका, मोहम्मद एजाज उर्फ बाबू, अवधेश यादव, अनिल कुमार महतो और सरवर अंसारी के रूप में हुई है। इनके पास से तलाशी के दौरान अलग-अलग मात्रा में ब्राउन शुगर, गांजा और मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार युवकों से कड़ाई से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने नदी ग्राउंड स्थित शहनाज खातून के घर पर धावा बोला।

छापेमारी में पुलिस को शहनाज के घर से 8,74,200 रुपए नकद बरामद हुए। इसके अलावा वहां से नशीले इंजेक्शन के दो डिब्बे, प्रतिबंधित टैबलेट्स के चार पत्ते, गांजा और ड्रग्स तौलने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन भी जब्त की गई। पुलिस ने मौके से शहनाज खातून को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में कुल 8,81,242 रुपए नकद, 6.8 ग्राम से ज्यादा ब्राउन शुगर, लगभग 310 ग्राम गांजा और भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की गई हैं। पकड़े गए आरोपी रांची के अलग-अलग इलाकों जैसे हिंदपीढ़ी, कर्बला चौक, कडरू और न्यू मधुकम के रहने वाले हैं।

पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इन तस्करों के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। सभी छह अभियुक्तों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।