बन्नू पुल‍िस चौकी आत्‍मघाती हमला: तालिबान ने पाकिस्तान के आरोपों को किया खारिज

0
6

काबुल, 12 मई (आईएएनएस)। काबुल में तालिबान शासन ने मंगलवार को पाकिस्तान के उन आरोपों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि बन्नू में पुलिस चौकी पर हमले की साज‍िश अफगान‍िस्‍तान में रची गई थी। तालिबान ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया।

तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान से अपील की कि समस्याओं का समाधान आपसी समझ, सम्मान और वास्तविक सहयोग के जरिए किया जाए। उन्होंने फिर से कहा कि अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल किसी भी ऐसे काम के लिए नहीं होने दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को नुकसान पहुंचे।

उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्ट में कहा, “इस्लामिक एमिरेट ऑफ अफगानिस्तान पाकिस्तान के अधिकारियों के उन हालिया बयानों को पूरी तरह गलत और बेबुनियाद मानता है, जिनमें कहा गया कि बन्नू पुलिस केंद्र पर हमला अफगानिस्तान में योजना बनाया गया था। हम इन आरोपों को खारिज करते हैं। हमारा मानना है कि समस्याओं का हल बातचीत, सम्मान और सहयोग से ही संभव है।”

उन्होंने आगे कहा, “धमकियों, आरोपों और भावनात्मक बयानों के बजाय, हम एक बार फिर यह साफ करते हैं कि अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल किसी भी देश के खिलाफ नहीं होने दिया जाएगा, और न ही किसी को ऐसा काम करने दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को खतरा हो।”

यह बयान तब आया जब पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने सोमवार को अफगानिस्तान के चार्ज डी’अफेयर्स को तलब करके एक ‘कड़ा विरोध पत्र’ सौंपा। यह विरोध 9 मई 2026 को खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में फतेह खेल पुलिस चौकी पर हुए आत्मघाती हमले को लेकर था, जिसमें 15 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्ट में कहा, “अफगानिस्तान के चार्ज डी’अफेयर्स को आज विदेश मंत्रालय बुलाया गया और उन्हें फतेह खेल पुलिस चौकी पर हुए इस कायरतापूर्ण वाहन बम (आईईडी) हमले के बारे में कड़ा विरोध पत्र दिया गया। यह हमला ‘फितना अल खवारिज’ नाम के आतंकियों ने किया था।”

मंत्रालय ने कहा कि जांच और तकनीकी खुफिया जानकारी से पता चलता है कि इस हमले की योजना अफगानिस्तान में रहने वाले आतंकियों ने बनाई थी।

पाकिस्तान ने यह भी कहा कि वह लगातार अफगान जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान में हमलों के लिए होने को लेकर चिंतित है।

दैनिक अखबार ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, ‘इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान’ नाम के एक आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है, जिसे ‘फितना अल खवारिज’ से जुड़ा बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार और रविवार की रात आतंकियों ने विस्फोटकों से भरा वाहन फतेह खेल पुलिस चौकी से टकरा दिया, जिससे पूरा ढांचा जोरदार धमाके में तबाह हो गया।

पुलिस के मुताबिक, धमाके के बाद आतंकियों ने कई तरफ से अंधाधुंध फायरिंग भी की, जिससे घंटों तक भारी गोलीबारी और कई और धमाके हुए। इलाके में काफी दहशत फैल गई।

बन्नू के क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी (आरपीओ) सज्जाद खान ने बताया कि हमले के वक्त चौकी पर कुल 18 पुलिसकर्मी तैनात थे।