Sunday, June 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, 24 फोन बरामद

नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, 24 फोन बरामद

0
24

नोएडा, 13 मई (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-24 थाने की पुलिस को मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन छीनने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से स्नैच किए गए 24 मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू और वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 12 मई को सेक्टर-24 थाने की पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान गिझौड़ रेड लाइट और सेक्टर-54 के पास से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनकी पहचान मोबीन अहमद और आफताब के रूप में हुई। पुलिस ने जब तलाशी ली तो उनके पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 24 मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।

गिरफ्तार अभियुक्त मोबीन अहमद ने पूछताछ में बताया कि वह दिल्ली, नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था। छीने गए मोबाइल फोन को उसका साथी आफताब राह चलते लोगों को बेच देता था, और उससे होने वाले पैसों को दोनों आपस में बांट लेते थे।

पुलिस का मानना है कि दोनों लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय थे और कई घटनाओं में इनकी संलिप्तता हो सकती है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मोबीन अहमद का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। उसके खिलाफ गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

वहीं, आरोपी आफताब के खिलाफ भी सेक्टर-24 थाने में संबंधित मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार मोबीन अहमद मूलरूप से खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद का निवासी है, जबकि आफताब बिहार के भागलपुर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा के हरौला गांव में रह रहा था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस सौंपने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।