जहां मैं पली-बढ़ी, वहां बॉडी शेमिंग करना सामान्य था : भारती सिंह

0
10

मुंबई, 14 मई (आईएएनएस)। भारती सिंह आज के समय भारत की नामी कमीडियन में शुमार हैं। वह अक्सर अपने ही अंदाज, हाजिरजवाबी और हल्के-फुल्के मजाक का इस्तेमाल करती हैं। हाल ही में उन्होंने नेहा धूपिया-अंगद बेदी के शो ‘डबल डेट’ में बॉडी शेमिंग को लेकर अपने अनुभव शेयर किए।

भारती सिंह पंजाब के अमृतसर से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने पंजाब से मुंबई का सफर तय कर अपना नाम एक फेमस कमीडियन के तौर पर स्थापित किया है। भारती सिंह ने नेहा धूपिया के साथ बातचीत में बताया कि जिस माहौल में वह पली-बढ़ी हैं, वहां पर बॉडी शेमिंग सामान्य बात मानी जाती है।

कमीडियन ने बचपन की यादें शेयर करते हुए बताया कि उनके गृहनगर में लोग किसी भी व्यक्ति को उसकी कमी के अनुसार बुला लेते हैं। उन्होंने कहा, “अगर किसी व्यक्ति का वजन ज्यादा है, तो उसे लोग मोटा कहकर पुकारते थे और अगर कोई सांवले रंग का होता था, तो उसे काला कहकर पुकारते थे। बिना इस बात की परवाह किए कि ऐसे शब्दों का दूसरे व्यक्ति की भावनाओं पर क्या असर पड़ेगा।”

भारती सिंह ने आगे बातचीत में बताया कि अक्सर उनकी मां भी उनसे मजाक में कहती थीं, “बस कर, कितना खाएगी, मोटी हो जाएगी।”

उन्होंने बताया कि काफी समय तक उन्हें इस बात का एहसास ही नहीं हुआ कि ऐसी बातें किसी व्यक्ति के आत्मविश्वास और आत्म-सम्मान को कितनी गहराई से चोट पहुंचा सकती है।

उन्होंने कहा, “जब मैंने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कदम रखा और अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर हुई, तो मैंने देखा कि अक्सर हंसी-मजाक के लिए लोगों के शरीर या बनावट पर मजाक बनाए जाते थे। हालांकि, फिर समय और समझदारी के साथ मैंने फैसला लिया कि दूसरों का मजाक उड़ाने के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करूंगी।”

कमीडियन भारती सिंह ने बताया कि इस एहसास ने उनके नजरिए को पूरी तरह से बदल दिया। उन्होंने कहा, “फिर, मैंने दूसरों के शारीरिक बनावट का मजाक उड़ाने के सिवाय, खुद पर ही मजाक करना शुरू कर दिया और इस बात का खास ध्यान रखा कि मेरी कॉमेडी किसी भी व्यक्ति की भावनाओं को ठेस न पहुंचाए।”