सीबीआई ने रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े मामले में 7 ठिकानों की ली तलाशी

0
11

मुंबई, 14 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े एक मामले में मुंबई, गुरुग्राम और बेंगलुरु में कुल 7 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है। यह कार्रवाई रिलायंस कम्युनिकेशन के खिलाफ दर्ज एक मामले के सिलसिले में की गई है।

जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने यह तलाशी गुरुवार को मुंबई स्थित विशेष अदालत द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर की। यह कार्रवाई कंपनी के उन पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों के आवासों पर की गई, जिन्होंने वर्ष 2015 से 2017 के बीच कंपनी में कार्य किया था।

इनमें तत्कालीन मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) और निदेशक स्तर के अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं और एजेंसी आगे की जांच कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, यह मामला विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) द्वारा दर्ज शिकायतों से जुड़ा है। इन शिकायतों के आधार पर सीबीआई ने पिछले कुछ महीनों में रिलायंस एडीए समूह के खिलाफ कुल सात अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में हजारों करोड़ रुपए की वित्तीय अनियमितताओं और कथित घोटालों का आरोप लगाया गया है, जिनमें अनुमानित नुकसान लगभग 27,337 करोड़ रुपए बताया जा रहा है।

जांच एजेंसी इससे पहले भी इस मामले से जुड़े कई स्थानों पर तलाशी अभियान चला चुकी है। पिछले महीनों में सीबीआई ने लगभग 31 जगहों पर छापेमारी की थी और कई दस्तावेज व डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए थे। इसके अलावा, इसी मामले में दो वरिष्ठ अधिकारियों को 20 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में डी. विश्वनाथ और अनिल काल्या शामिल हैं, जो बैंकिंग और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कार्यों को संभालते थे। दोनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

यह भी बताया गया है कि अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस समूह से जुड़े इन मामलों की निगरानी उच्चतम न्यायालय के आदेशों के तहत की जा रही है। जांच एजेंसियां पूरे मामले में धन के लेन-देन, बैंकिंग प्रक्रियाओं और कंपनी के वित्तीय निर्णयों की गहन जांच कर रही हैं।