अगले 5 वर्षों में बिहार में एयर कनेक्टिविटी को 10 गुना बढ़ाने का लक्ष्य है: सीएम सम्राट चौधरी

0
4

दरभंगा, 14 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को दरभंगा हवाई अड्डा की सुरक्षा के केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के हस्तांतरण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के पुलिस महानिदेशक प्रवीर रंजन को सीआईएसएफ का झंडा एवं सांकेतिक चाबी प्रदान कर उन्हें दरभंगा हवाई अड्डा की सुरक्षा की कमान सौंपी।

सीएम सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक और काफी महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को ध्यान में रखते हुए यहां छोटे स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री ने देशवासियों से हरसंभव सहयोग करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि इससे ईंधन की बचत होगी और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सीएम ने कहा कि पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा मिथिलांचल में कराए गए विकास कार्यों के कारण ही यहां का पूरा परिदृश्य बदल गया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2005-06 में बिहार से प्रति वर्ष हवाई यात्रा करने वालों की संख्या मात्र 2.5 लाख के करीब थी, जो अब बढ़कर 50 लाख से अधिक हो गई है। अगले 5 वर्षों में बिहार में एयर कनेक्टिविटी को 10 गुना बढ़ाना हमारा लक्ष्य है। हम ऐसी व्यवस्था बना रहे हैं कि अगले पांच वर्षों में बिहार से 4 से 5 करोड़ लोग हवाई यात्रा कर सकें।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने न सिर्फ बिहार में सड़कों का जाल बिछाने का काम किया, बल्कि एयरपोर्ट का विस्तार करने की दिशा में भी काफी काम किया है। बिहार में एम्स स्थापित करने के लिए भूमि की व्यवस्था भी सुनिश्चित की। उनके इस काम को हम आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि दरभंगा का यह एयरपोर्ट मात्र एक स्थान नहीं है, बल्कि यह मिथिलांचल के उत्पादों को दुनिया के मार्केट में पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। अगले पांच वर्षों में राज्य सरकार यहां बंद पड़ी अशोक पेपर मिल की जगह नया उद्योग स्थापित करने की दिशा में काम करेगी।

मुख्यमंत्री ने भरोसा देते हुए कहा कि सभी जिलों में एयर ट्रैफिक का विस्तार करना है, वह चाहे एयरपोर्ट के रूप में हो, एयर स्ट्रिप के रूप में हो या हेलीपोर्ट के रूप में हो। मुजफ्फरपुर, रक्सौल, सहरसा और वीरपुर में एयरपोर्ट स्थापित करने के लिए टेंडर हो गया है। पूर्णिया एयरपोर्ट चालू हो चुका है। मुंगेर, अजगैबीनाथ, भागलपुर तथा बेगूसराय के एयरपोर्ट को भी हर हाल में चालू कराना है।

उन्होंने यहां के लोगों की मांग को लेकर विश्वास दिलाया कि वे दरभंगा एयरपोर्ट का नामकरण बाबा विद्यापति जी के नाम पर होने के लिए प्रधानमंत्री से आग्रह करेंगे। इस एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने का भी काम कराना है।