सफाईकर्मियों की हड़ताल से थोड़ी अव्यवस्था उत्पन्न हुई, उनकी मांग स्वीकार: सहरसा नगर आयुक्त

0
3

सहरसा, 14 मई (आईएएनएस)। सहरसा नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की ओर से चार दिवसीय हड़ताल खत्म होने पर नगर आयुक्त प्रभात झा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सहरसा नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि, भुगतान की समय-सारिणी और लंबित भत्तों पर सहमति बनने के बाद अपनी चार दिवसीय हड़ताल समाप्त कर दी। अब हर महीने की 5 तारीख तक उनका वेतन उनके खाते में ट्रांसफर कर दिया जाएगा।

नगर आयुक्त प्रभात झा ने बताया कि सफाईकर्मियों की हड़ताल की वजह से शहर में थोड़ी अव्यवस्था उत्पन्न हो गई। हम लोगों ने पहले भी उनकी जायज मांगों को स्वीकार किया था। 16 जनवरी को जब सफाईकर्मियों ने हड़ताल समाप्त किया था तो वेतन बढ़ोत्तरी की उनकी मुख्य मांगे थीं। हम लोगों ने 266 कर्मियों की वेतन में बढ़ोतरी कर दी है।

उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों की दूसरी मांग ईपीएफओ को लेकर थी। 266 कर्मियों के ईपीएफओ का भुगतान कर दिया गया है। ईपीएफओ में तकनीकी समस्या की वजह से चार महीने में पूरे साल का ईपीएफ जमा कर देंगे। सफाईकर्मियों ने नियमित करने की मांग की थी। उनकी ये मांग हमारे अधिकार क्षेत्र से बाहर की है। हम उनकी मांगों को विभाग को प्रेषित कर देंगे। इस पर विभाग जो उचित समझेगा, निर्णय लेगा।

नगर आयुक्त ने बताया कि सफाईकर्मियों की बकाया वेतन की मांग है। इस पर हम सकारात्मक हैं। उन्होंने कहा कि इसी महीने में हम उनका बकाया भुगतान भी कर देंगे। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों की ओर से जो मांगे थीं, हम लोगों ने उसको पूर्ण कर दिया है। उन्होंने कहा कि हम लोग उनकी एक-एक मांग को पढ़ने के साथ-साथ पूरा करते गए।