पेपर लीक विवाद के बीच दोबारा होगी नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा, एनटीए ने जारी की डेट

0
6

नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने घोषणा की है कि नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा अब दोबारा आयोजित की जाएगी और इसकी नई तारीख 21 जून 2026 तय की गई है। यह फैसला भारत सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया है।

इस फैसले के बाद करीब 22 लाख से ज्यादा छात्रों को थोड़ी राहत मिली है, जो पिछले कुछ समय से अनिश्चितता में थे। छात्रों और अभिभावकों से एनटीए ने साफ तौर पर अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह से बचें। इसके लिए एजेंसी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट और संपर्क नंबर भी जारी किए हैं, ताकि किसी भी तरह की गलत जानकारी से बचा जा सके।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया, “नीट (यूजी) 2026 — परीक्षा तिथि की घोषणा। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने भारत सरकार की स्वीकृति से नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा को दोबारा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है।”

पोस्ट में एनटीए ने आगे कहा, “परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल एनटीए के आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें।” इसके लिए पोस्ट में आधिकारिक वेबसाइट और 011-40759000 / 011-69227700 नंबर भी दिया गया है।

दरअसल, 3 मई 2026 को आयोजित की गई नीट यूजी परीक्षा में पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोप सामने आए थे, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। एजेंसियों की शुरुआती जांच में परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठे। इसी आधार पर परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया और अब इसे नए सिरे से आयोजित करने की तैयारी है।

इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी गई है। सीबीआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक के पीछे कौन सा नेटवर्क या सिंडिकेट काम कर रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।