सूरत में कई कंपनियों ने कर्मचारियों को दिया वर्क फ्रॉम होम, कहा- कार पूलिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मिलेगा बढ़ावा

0
3

सूरत, 15 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील का असर अब देश के कॉर्पोरेट सेक्टर में भी दिखाई देने लगा है। सूरत की कई आईटी कंपनियों ने ‘वर्क फ्रॉम होम’ नीति अपनाते हुए कर्मचारियों की ऑफिस आवाजाही कम कर दी है। कंपनियों का कहना है कि इससे न सिर्फ ईंधन की बचत हो रही है बल्कि कार पूलिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को भी बढ़ावा मिल रहा है।

सूरत में बिज इनसाइट्स के सीईओ कुणाल शाह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद, हम पूरी ईमानदारी से उसका पालन करने और उसे बेहतरीन तरीके से लागू करने की कोशिश कर रहे हैं। पहले हमारा 100 प्रतिशत स्टाफ ऑफिस आता था लेकिन अब हमने लगभग 70 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दे दी है। सिर्फ उन टीम सदस्यों को ऑफिस आने के लिए कहा जा रहा है जो जरूरी प्रोजेक्ट्स या ऐसे प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं जिनकी डेडलाइन नजदीक है।”

कंपनी के एक कर्मचारी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मैं अभी आईटी सेक्टर में काम कर रहा हूं और हमारी कंपनी के कुछ कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ का विकल्प दिया गया है। जब भी किसी प्रोजेक्ट को समझने या उस पर चर्चा करने के लिए ऑफिस आना जरूरी होता है, तो हम घर से ऑफिस आते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि मैंने इस बारे में घर पर अपने परिवार से बात की और हमने तय किया कि अलग-अलग अपनी गाड़ियां इस्तेमाल करने के बजाय, अब मैं अपने पिता या भाई के साथ सफर करूंगा, जिससे पेट्रोल-डीजल की खपत हम होगी। इस तरह सभी को करना चाहिए।”

दूसरे कर्मचारी ने बताया, “मैं अभी एक आईटी कंपनी में इंटर्न हूं और मैं अपने घर से काम पर जाने के लिए लगभग 15–20 किलोमीटर का सफर तय करता हूं। मैं आमतौर पर अपने दोस्त के साथ कार पूलिंग करके आता-जाता हूं। कभी-कभी हम पब्लिक ट्रांसपोर्ट का भी इस्तेमाल करते हैं और कभी-कभार प्राइवेट कैब का भी इस्तेमाल करता हूं।”

एक और कर्मचारी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद, हमारी आईटी कंपनी ने ‘वर्क-फ्रॉम-होम’ पॉलिसी लागू कर दी है। मैं बारडोली से आता हूं, इसलिए मैं ऑफिस तभी आता हूं जब किसी प्रोजेक्ट पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत होती है। तब भी, मैं पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करना ही पसंद करता हूं।”