लखनऊ, 16 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 59वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने माना कि गेंदबाजों का खराब प्रदर्शन टीम की हार का मुख्य कारण रहा।
सीएसके के अब 12 मुकाबलों में 12 प्वाइंट हैं और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स को अपने अपने बचे हुए दोनों ही मुकाबलों में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। एलएसजी के खिलाफ मिली हार के बाद कप्तान ऋतुराज ने कहा, “इस मुकाबले में गेंदबाजी का दिन अच्छा नहीं था। पहली चुनौती चेन्नई पहुंचना है और यह पक्का करना है कि हम उन एरिया में सुधार करें जिनमें हमें सुधार करने की जरूरत है, और फिर [बाकी दो लीग मैचों में] हालात के हिसाब से ढलना और उनका अंदाजा लगाना है।”
हालांकि, लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मिली हार के बावजूद सीएसके अभी भी प्लेऑफ में पहुंच सकती है। कप्तान ऋतुराज ने अंक तालिका में टीम की स्थिति को लेकर घबराने से इनकार किया। टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को लेकर उन्होंने कहा, “यह आसान है, कुछ भी मुश्किल नहीं है। चिंता की कोई बात नहीं है, बस यह पक्का करें कि हमारा दिन अच्छा रहे और उम्मीद है कि हम चीजों को बदल देंगे।”
चेन्नई सुपरकिंग्स ने इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 187 रन बनाए। सीएसके की तरफ से कार्तिक शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 71 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि शिवम दुबे अंत के ओवरों में आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए।
हालांकि, लखनऊ सुपर जायंट्स ने 188 रनों के लक्ष्य को आसानी से सिर्फ 16.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। एलएसजी की ओर से मिचेल मार्श ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए 38 गेंदों में 90 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। वहीं, जोश इंग्लिस ने 36 रनों का योगदान दिया। सीएसके अपने अगले मुकाबले में 18 मई को सनारइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी।

