प्रधानमंत्री की अपील के बाद केंद्रीय मंत्री मांझी ने काफिले के वाहनों में कटौती की

0
3

नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। देश में पेट्रोलियम और ऊर्जा संसाधनों की बचत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ की गई अपील के बाद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी पहल की है। मांझी ने अपने काफिले में चलने वाले वाहनों की संख्या में 50 फीसदी की कटौती कर दी है। केंद्रीय मंत्री के काफिले में अब न्यूनतम आवश्यकता के अनुसार वाहनों का इस्तेमाल होगा।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अपने काफिले के वाहनों की संख्या कम करने के निर्णय के साथ–साथ अपने सहकर्मियों को भी ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि जहां तक संभव हो सभी विभागीय सहकर्मी पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें ताकि मौजूदा वैश्विक संकट में भारत को सशक्त बनाए रखा जा सके।

मांझी ने कहा है कि मौजूदा संकट वैश्विक है, और इससे देश में कोई पेट्रोलियम और ऊर्जा संसाधनों की कमी ना हो, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है। हमारा यह दायित्व बनता है कि हम सब देश के प्रधानमंत्री की अपील पर अमल करें और भारत को किसी संकटकाल में जाने से बचाएं।

वहीं, बिहार में कृषि विश्वविद्यालय में शनिवार को ‘नो व्हीकल डे’ मनाया गया है। इसका मकसद यह था कि सभी लोग बिना किसी वाहन के पैदल या साइकिल चलाकर अपने कार्यालय पहुंचें।

विश्वविद्यालय की ओर से इस संबंध में पहले ही आदेश जारी कर दिया गया था, जिसमें सभी लोगों को पैदल ही अपने कार्यालय पहुंचने का आदेश दिया गया था। सभी लोग पूरी गंभीरता के साथ इस आदेश का पालन करते हुए नजर आ रहे हैं। लोगों में इसे लेकर एक अलग तरह का उत्साह भी देखने को मिल रहा है।

विश्वविद्यालय के कुलपति ने इस संबंध में बयान जारी कर कहा कि साइकिल चलाना हर किसी के स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए लाभकारी है। ऐसी स्थिति में यह सभी लोगों के लिए जरूरी हो जाता है कि वे पैदल या साइकिल से ही कार्यालय पहुंचे। इससे उनका स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा और पर्यावरण को भी फायदा पहुंचेगा।