हॉप्स एफसी ने जीता आईडब्ल्यूएल 2 का खिताब, जुबा को मिला प्रमोशन

0
10

नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। हॉप्स एफसी ने इंडियन विमेंस लीग 2 (आईडब्ल्यूएल) का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस टीम ने फाइनल राउंड में पांच जीत और कुल मिलाकर नौ जीत के साथ एक बेहतरीन रिकॉर्ड बनाया। जुबा संघा एफसी दूसरे स्थान पर रहा, जिससे उसे 2026-27 सीजन के लिए इंडियन विमेंस लीग (आईडब्ल्यूएल) में प्रमोशन मिल गया। यह इंडियन विमेंस लीग में जुबा संघा का पहला प्रमोशन है।

छह टीमों वाला फाइनल राउंड बेंगलुरु के पादुकोण-द्रविड़ सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में सिंगल-लेग राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेला गया, जहां हॉप्स 15 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा। दिल्ली की इस टीम ने 8 गोल दागे और डिफेंस में भी मजबूती रही। फाइनल राउंड के दौरान इस टीम ने कोई गोल नहीं खाया। इससे पहले, वे लगातार चार जीत के साथ अपने ग्रुप में टॉप पर रहकर फाइनल स्टेज तक पहुंचे थे। यह हॉप्स का पहला आईडब्ल्यूएल 2 खिताब है और पिछले सीजन में रेलीगेशन के बाद भारत की टॉप-टियर विमेंस फुटबॉल लीग में उनकी वापसी का प्रतीक है।

दिल्ली की टीम जुबा संघा एफसी 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जिसने 5 में से चार मैच जीते। फाइनल राउंड में सर्वाधिक गोल करने वाली टीम भी वही थी, जिसने कुल 15 गोल किए।

हॉप्स ने क्रीड़ा प्रबोधिनी पुणे पर 3-0 से जीत के साथ अपना अभियान शुरू किया। इसके बाद मुंबई नाइट एफसी को 2-0 से हराया, और सुरुचि संघा को 1-0 के करीबी अंतर से मात दी। उन्होंने केम्प एफसी के खिलाफ भी 1-0 की एक और करीबी जीत हासिल की, और फाइनल मैच में जुबा संघा को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

जुबा संघा ने अपने फाइनल राउंड की शुरुआत केम्प पर 3-1 की जीत के साथ की, और फिर क्रीड़ा प्रबोधिनी पुणे पर 5-2 से जीत हासिल की। ​​मुंबई नाइट्स और सुरुचि संघा के खिलाफ मिली अतिरिक्त जीतों ने उन्हें रेस में बनाए रखा, लेकिन हॉप्स से हारने के कारण उन्हें दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा।

केम्प नौ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही, जिसने पांच में से तीन मैच जीते थे। क्रीड़ा प्रबोधिनी पुणे छह अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही। मुंबई नाइट्स तीन प्वाइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर रही, और सुरुचि संघ बिना कोई प्वाइंट हासिल किए फाइनल राउंड से बाहर हो गया।

क्रीड़ा प्रबोधिनी की सिमरन गुरुंग नौ गोल के साथ टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर रहीं। उनकी टीममेट सुमैया शेख सात गोल के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, उन्होंने यह स्थान सुरुचि संघ की रोशनी टिग्गा और जुबा संघ की विपंशी के साथ साझा किया।

जुबा संघ की निधि ने भी पूरे टूर्नामेंट में छह गोल किए, जबकि मुंबई नाइट्स की भाग्यश्री दलवी और कार्बी आंगलोंग स्पोर्ट्स एसोसिएशन गर्ल्स फुटबॉल क्लब की मैदांगश्री नारजारी ने पांच-पांच गोल किए। केम्प की खुशबू सरोज और जुबा संघ की किरण, दोनों ने चार-चार गोल किए।

2023-24 सीजन में शुरू हुआ आईडब्ल्यूएल 2, भारत में महिला क्लब फुटबॉल का दूसरा स्तर है। इस प्रतियोगिता की दो शीर्ष टीमों को आईडब्ल्यूएल में प्रमोट किया जाता है, जो देश में महिला फ़ुटबॉल का शीर्ष डिवीजन है।

2023-24 में श्रीभूमि एफसी पहली चैंपियन बनी थी, जबकि पिछले सीजन में गढ़वाल यूनाइटेड एफसी ने खिताब अपन नाम किया था। हॉप्स, आईडब्ल्यूएल 2 जीतने वाली दिल्ली की दूसरी टीम बन गई है।