कोलकाता, 17 मई (आईएएनएस)। भाजपा ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान हुई अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है। भाजपा प्रवक्ता देबजीत सरकार ने रविवार को कहा कि जो गलत काम टीएमसी सरकार ने किए हैं, उनके खिलाफ बुलडोजर चलेगा। नई सरकार सभी क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।
देबजीत सरकार ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “पश्चिम बंगाल में सभी सेक्टर में अवैध काम हुए हैं। सरकार जो जरूरी कार्रवाई करनी चाहिए, वह करेगी। जनता ने हमें बहुमत इसलिए दिया है ताकि टीएमसी के सिंडिकेट राज और जंगल राज को समाप्त किया जा सके। लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासनिक स्तर पर सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।”
उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के ‘विश्व बांग्ला’ लोगो हटाकर ‘अशोक स्तंभ’ लगाने के फैसले का स्वागत किया। देबजीत सरकार ने कहा, “2018 से हम भाजपा की तरफ से इसको लेकर आंदोलन कर रहे थे। अशोक स्तंभ भारत की शान है, जिसे हर सरकारी जगह पर होना चाहिए। विश्व बांग्ला किसी एक राज्य का लोगो नहीं हो सकता। सभी राज्यों को मिलाकर ही देश बना है।”
उन्होंने आरजी कर कांड पर कहा, “मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने जो फैसला लिया है, वह बिल्कुल सही है। जांच रोकी गई थी। अब पूरी जांच होगी और दोषियों को सजा मिलेगी।”
वहीं, तीन आईपीएस अधिकारियों के निलंबन पर राजेश कुमार ने कहा, “जनता की मांग थी और जो होना चाहिए था, वही मुख्यमंत्री ने किया। जिन अधिकारियों ने जांच को रोककर रखा और पीड़िता को न्याय नहीं मिलने दिया, उनके खिलाफ कार्रवाई उचित है।”
उन्होंने सुवेंदु अधिकारी की प्रशंसा करते हुए कहा, “सरकार का काम जो है, उसे सुवेंदु अधिकारी कर रहे हैं। वे प्रशासन की हर बारीकी को अच्छे से जानते हैं। सिर्फ कुछ दिनों में उनकी लोकप्रियता सौ गुना बढ़ गई है।”
‘विश्व बांग्ला’ लोगो विवाद पर भाजपा विधायक अर्जुन सिंह ने भी कहा, “सुवेंदु अधिकारी ने जो लोगो दिया है, वह सर्वश्रेष्ठ है और वही होना चाहिए।”

