आईडीएफ का दावा: गाजा में हमास के ऑपरेशंस कमांडर बहा बरौद को एयरस्ट्राइक में मार गिराया

0
6

जेरूसलम, 17 मई (आईएएनएस)। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने रविवार को दावा किया कि उसने हमास के उस ऑपरेशंस हेडक्वार्टर कमांडर को मार गिराया है, जो इजरायली सेना के खिलाफ साजिशों को आगे बढ़ा रहा था।

आईडीएफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्‍स पर कहा, “सदर्न कमांड में आईडीएफ ने शनिवार को हमास संगठन के ऑपरेशंस हेडक्वार्टर के कमांडर बहा बरौद को मार गिराया।”

आईडीएफ के मुताबिक, बरौद पूरे युद्ध के दौरान और खास तौर पर हाल के समय में गाजा पट्टी में तैनात आईडीएफ जवानों और इजरायल के नागरिकों के खिलाफ हमास की कई साज‍िशों को तैयार करने और आगे बढ़ाने में शामिल था।

आईडीएफ ने कहा, “बरौद आईडीएफ जवानों के लिए तुरंत खतरा बन गया था, इसलिए उसे एक सटीक हवाई हमले में मार गिराया गया।”

सेना ने यह भी कहा कि हमले से पहले आम नागरिकों को नुकसान से बचाने के लिए कई कदम उठाए गए थे। इसमें सटीक हथियारों का इस्तेमाल और हवाई निगरानी शामिल थी।

पिछले हफ्ते आईडीएफ ने दावा किया था कि उसने उत्तरी गाजा में फि‍लिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के हथियार बनाने वाले एक ठिकाने और हथियारों के गोदाम को नष्ट कर दिया।

आईडीएफ ने कहा था कि इस जगह का इस्तेमाल संगठन की हथियार निर्माण यूनिट और हमास द्वारा विस्फोटक बनाने और दूसरे हथियार जमा करने के लिए किया जा रहा था, जिनका इस्तेमाल इजरायली नागरिकों और आईडीएफ सैनिकों को नुकसान पहुंचाने के लिए होना था।

सदर्न कमांड के तहत आईडीएफ की फोर्सेज उस इलाके में तैनात हैं।

पिछले महीने आईडीएफ ने कहा था कि उसने उत्तरी गाजा पट्टी में 14 किलोमीटर लंबी भूमिगत सुरंगों को नष्ट कर दिया है।

सेना के मुताबिक, इस ऑपरेशन के दौरान ब्रिगेड की फोर्सेज ने याहलम यूनिट के साथ मिलकर अब तक करीब 14 किलोमीटर लंबी सुरंगों को तबाह किया। इन सुरंगों के अंदर सोने के कमरे और बड़ी मात्रा में हथियार मिले। इसके साथ ही इलाके को पूरी तरह साफ करने का अभियान जारी रहा।

आईडीएफ ने कहा कि डिवीजन 252 के तहत नॉर्दर्न ब्रिगेड और यूनिट की फोर्सेज कुछ महीनों से उत्तरी गाजा में हमास के भूमिगत नेटवर्क को खत्म करने के लिए खास अभियान चला रही हैं।