स्टार्क के ओवर ने मैच का नतीजा बदल दिया, हमने 20 रन कम बनाए: विक्रम राठौर

0
7

नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के मुख्य सहायक कोच विक्रम राठौर ने माना है कि मिचेल स्टार्क का 15वां ओवर दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ हुए मैच का टर्निंग प्वाइंट रहा। डीसी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए आईपीएल 2026 के 62वें मुकाबले में रविवार को आरआर को 5 विकेट से हराया।

कोच विक्रम ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स की टीम अच्छे टोटल से कम से 20 रन दूर रह गई और बल्लेबाजों के खराब फैसलों के कारण उन्हें मैच गंवाना पड़ा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए राठौर ने कहा, “मैं पूरी तरह सहमत हूं। अगर ज्यादा नहीं, तो हम कम से कम 20 रन पीछे थे। हम 14 ओवर में 160 रन पर थे और दो विकेट खोए थे। वहां से हमें 220 रन बनाने चाहिए थे। एक ओवर में 3 विकेट गंवाने के बाद आप अपनी कोई मदद नहीं कर सकते हैं। उस ओवर में बल्लेबाज अपने फैसलों को लेकर थोड़ा स्मार्ट हो सकते थे।”

उन्होंने आगे कहा, “तो ये सीख है और हर मैच में आप गलतियां करेंगे और आइडिया उन गलतियों से सीखना है और मुझे उम्मीद है कि अगली बार जब हम ऐसी ही परिस्थिति में होंगे, तो हमें बेहतर नतीजा मिलेगा। स्टार्क के उस ओवर ने निश्चित रूप से हमारे लिए मैच का नतीजा बदल दिया। स्टार्क एक वर्ल्ड क्लास गेंदबाज हैं। हालांकि, उस ओवर में हमने जिस तरह के शॉट्स का चुनाव किया, वह काफी खराब थे। हम उस ओवर को पूरा करने और मैच को थोड़ा और आगे ले जाने के लिए खुद को थोड़ा और समय दे सकते थे।”

राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 193 रन लगाए। टीम की तरफ से ध्रुव जुरेल ने 53 और कप्तान रियान पराग ने 51 रनों का योगदान दिया। हालांकि, डीसी ने 194 रनों के लक्ष्य को 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। केएल राहुल ने 42 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि अभिषेक पोरेल ने 51 रनों का योगदान दिया।