पीएम मोदी की अपील का दिखा असर, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने इलेक्ट्रिक ऑटो के बाद दिल्ली मेट्रो में किया सफर

0
1

नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। भाजपा सांसद मनोज तिवारी और एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील के बाद सोमवार को एक इलेक्ट्रिक ऑटो में सफर किया और बाद में मेट्रो का इस्तेमाल किया।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पीएम मोदी के आह्वान एवं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में आज मेट्रो मंडे अभियान के अंतर्गत एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल के साथ इलेक्ट्रिक ऑटो एवं दिल्ली मेट्रो से यात्रा की। इस दौरान सहयात्रियों से संवाद कर उनके अनुभवों और सुझावों को जाना। साथ ही, एनडीएमसी द्वारा स्वच्छ ऊर्जा एवं इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ईवी पार्किंग शुल्क में 50 फीसदी की छूट योजना का उद्घाटन भी किया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने एक्स पर पोस्ट किया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र प्रथम के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए मेट्रो मंडे के अंतर्गत सांसद मनोज तिवारी के साथ इलेक्ट्रिक ऑटो एवं दिल्ली मेट्रो से यात्रा की तथा सहयात्रियों से संवाद कर उनके अनुभवों और विचारों को जाना। साथ ही, एनडीएमसी द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने एवं स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने की दिशा में इलेक्ट्रिक वाहनों की पार्किंग शुल्क में 50 फीसदी की छूट लागू की गई है।

इसी क्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में बताया कि पीएम मोदी के ईंधन बचत के आह्वान पर हम सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने स्तर पर राष्ट्रहित में योगदान देने का प्रयास कर रहे हैं।

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से मिलने मुख्यमंत्री जनसेवा सदन से लोक निवास तक पैदल चलकर गईं। उपराज्यपाल से दिल्ली सरकार द्वारा चलाए जा रहे मेरा भारत, मेरा योगदान अभियान पर विस्तृत चर्चा हुई। मैं सभी दिल्लीवासियों से भी आग्रह करती हूं कि जहां संभव हो, मेट्रो, बस और कारपूलिंग को अपनाकर ईंधन बचत, प्रदूषण नियंत्रण और राष्ट्रहित के इस प्रयास में अपना योगदान दें। मेट्रो मंडे के अंतर्गत सार्वजनिक परिवहन का उपयोग किया है।