सेव फ्यूल अभियान: मनन केंद्र पैदल पहुंचे सिक्किम के सीएम, सरकारी खर्च घटाने का दिया संदेश

0
5

गंगटोक, 18 मई (आईएएनएस)। ईंधन बचत, अनावश्यक खर्चों में कटौती और जिम्मेदार प्रशासन का संदेश देते हुए सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग सोमवार को अपने आधिकारिक आवास मिंटोकगांग से मनन केंद्र तक करीब 14 मिनट पैदल चलकर एक सरकारी कार्यक्रम में पहुंचे।

मुख्यमंत्री का यह कदम राज्य सरकार द्वारा ईंधन संरक्षण से जुड़े नए उपायों को औपचारिक रूप से लागू किए जाने के साथ सामने आया है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अनुशासित प्रशासन, सार्वजनिक संसाधनों के कुशल उपयोग और आर्थिक मितव्ययिता की अपील के अनुरूप मानी जा रही है।

बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने आधिकारिक काफिले का उपयोग न कर पैदल जाने का फैसला इसलिए लिया ताकि यह संदेश दिया जा सके कि ईंधन बचत की शुरुआत नेतृत्व और व्यक्तिगत आचरण से होनी चाहिए, केवल प्रशासनिक निर्देशों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।

बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री इससे पहले भी ‘सिक्किम कलाकार भरोसा सम्मेलन’ में पैदल पहुंचे थे और रास्ते में लोगों से संवाद भी किया था। सरकार ने इसे केवल प्रतीकात्मक कदम नहीं बल्कि जनता के लिए प्रेरणादायक संदेश बताया।

राज्य सरकार ने ईंधन बचत के तहत मुख्यमंत्री के मोटरकेड में 50 प्रतिशत कटौती करने का फैसला लिया है। इसके अलावा सरकारी और निजी वाहनों के लिए ऑड-ईवन व्यवस्था लागू की जाएगी। हालांकि टैक्सी और आपातकालीन सेवाओं को इससे छूट दी गई है।

गृह विभाग ने 14 मई को ही इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी थी। सभी सरकारी विभागों, स्वायत्त निकायों, सार्वजनिक उपक्रमों और राज्य संस्थानों को सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने और ईंधन खपत कम करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों और कर्मचारियों को जहां संभव हो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने, अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने और वर्चुअल बैठकों को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है। साथ ही नजदीकी बैठकों और कार्यक्रमों के लिए पैदल जाने को भी प्रोत्साहित किया गया है।

राज्य सरकार का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य प्रशासन में जवाबदेही, अनुशासन और संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देना है।