चेन्नई, 18 मई (आईएएनएस)। पैट कमिंस इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में बतौर कप्तान सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के कप्तान पैट कमिंस ने सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ 3 विकेट हासिल किए, जिसके साथ उन्होंने बतौर कप्तान अपने विकेटों की संख्या 42 तक पहुंचा दी है।
इस लिस्ट में शेन वॉर्न शीर्ष पर हैं, जिन्होंने कप्तान के तौर पर 57 विकेट हासिल किए, जबकि हार्दिक पांड्या (40) इस फेहरिस्त में तीसरे स्थान पर हैं। अनिल कुंबले ने कप्तान के तौर पर 30 विकेट हासिल किए, जो इस लिस्ट में चौथे पायदान पर हैं। 20 विकेट के साथ रविचंद्रन अश्विन लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं।
चेन्नई में खेले जा रहे इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 180 रन बनाए। इस टीम ने 48 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कार्तिक शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की।
इस टीम ने 100 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे। यहां से देवाल्ड ब्रेविस ने शिवम दुबे के साथ पांचवें विकेट के लिए 38 गेंदों में 59 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
देवाल्ड 27 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 44 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शिवम दुबे ने 26 रन का योगदान दिया। कार्तिक त्यागी ने 19 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 32 रन बनाए। विपक्षी खेमे से पैट कमिंस ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। साकिब हुसैन ने 2 विकेट निकाले।
सनराइजर्स हैदराबाद 12 में से 7 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर मौजूद है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने 12 में से 6 मैच जीते हैं। यह टीम प्वाइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है।

