लखनऊ, 19 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार से उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं। राहुल गांधी मंगलवार सुबह लखनऊ पहुंचे, जहां चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आगमन के बाद वह सड़क मार्ग से अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के लिए रवाना हो गए।
उनके इस दौरे को कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि रायबरेली पहुंचने के बाद राहुल गांधी बछरावां विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। यहां वह बरातघर और मैरिज हॉल का उद्घाटन करेंगे तथा ग्राम विकास संवाद कार्यक्रम में स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद वह सरस्वती महाविद्यालय, खीरो में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में युवाओं और क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे।
दौरे के दौरान राहुल गांधी लालगंज और सरेनी क्षेत्र में महिला संवाद कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम में महंगाई, महिलाओं से जुड़े मुद्दों और सामाजिक सरोकारों को प्रमुखता से उठाया जा सकता है। वैभव नगर में सड़क परियोजना के लोकार्पण कार्यक्रम में भी उनके शामिल होने का कार्यक्रम है।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी हरचंदपुर क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। दौरे के दूसरे दिन 20 मई को राहुल गांधी लोधवारी में स्वतंत्रता सेनानी वीरवर वीरा पासी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
इसके अलावा, वह जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात करेंगे और जनसभा को संबोधित करने के बाद अमेठी रवाना होंगे। अमेठी दौरे के दौरान, राहुल गांधी कांग्रेस के दिवंगत जिला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा के पैतृक गांव भी जाएंगे और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे। अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा पिछले कई दिनों से राहुल गांधी के दौरे की तैयारियों में जुटे हुए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं का कहना है कि रायबरेली और अमेठी से गांधी परिवार का पुराना राजनीतिक और भावनात्मक रिश्ता रहा है।
ज्ञात हो रायबरेली से चुनाव जीतने के बाद राहुल गांधी लगातार अपने संसदीय क्षेत्र में सक्रिय है। वह मौके मौके पर दौरा करते रहते हैं। लगातार कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेते रहते हैं।
–आईएएनएस
विकेटी/एएस

