मुंबई, 19 मई (आईएएनएस)। मुंबई के गरीब नगर इलाके में अतिक्रमण हटाने के मामले पर भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा कि लव जिहाद और लैंड जिहाद को मानने वाली उद्धव सेना, राहुल गांधी, एआईएमआईएम और मुस्लिम लीग को सबक मिला।
उन्होंने कहा कि रेलवे की जमीन पर घुसपैठिए अवैध तरीके से कब्जा कर लेते हैं और रेलवे लाइन बंद कर देते हैं। घुसपैठियों ने बांद्रा रेलवे स्टेशन का विकास रोक दिया था। उन सब को वापस भेजने की व्यवस्था की गई है। 700 से ज्यादा झोपड़ियां तोड़ दी गई हैं। रेलवे प्रशासन, मुंबई पुलिस और महानगरपालिका को धन्यवाद देता हूं।
किरीट सोमैया ने कहा कि तीन घंटे के अंदर कार्रवाई समाप्त हुई है। अब रेलवे जल्द से जल्द नई पटरी बिछाने का काम शुरू करेगी। उन्होंने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें देश की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है। बीते दो महीने में मैं चौथी बार यहां आया। अतिक्रमण की वजह से बड़े पैमाने पर लोगों को असुविधा होती थी।
उन्होंने कहा कि कुछ गुंडों की ओर से वहां पर भी धमकियां दी जा रही थी। मैं न्यायालय और सीएम देवेंद्र फडणवीस को धन्यवाद देता हूं। न्यायालय ने आदेश दिया और सीएम फडणवीस ने निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पूरे बांद्रा को घुसपैठियों से मुक्त किया जाएगा। वोट माफियाओं को चेतावनी देना चाहता हूं कि अब महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में न तो लैंड जिहाद, न लव जिहाद और न वोट जिहाद चलेगा।
किरीट सोमैया ने कहा कि बकरीद के दिन एक भी बकरे को रिहायशी इलाकों में काटने नहीं दूंगा। मुंबई में सड़क पर, सोसाइटी में एक भी बकरा नहीं कटेगा।
उन्होंने कहा कि घुसपैठियों में एक के पास भी 2011 के पहले के प्रूफ नहीं हैं। उद्धव ठाकरे के कार्यकाल में धारावी में चार मंजिला मस्जिद बना दी गई थी। जब उसको तोड़ने गए, तो 10 हजार लोग सड़क पर आ गए। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे अतिक्रमण हटाया जाएगा।

