ईरान: उप विदेश मंत्री ने संसद में अमेरिका से बातचीत पर रिपोर्ट की पेश

0
7

तेहरान, 19 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के दूसरे हमले को फिलहाल टाल देने की खबरों के बीच ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के समक्ष एक रिपोर्ट पेश की गई। उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने अमेरिका के साथ संघर्ष विराम को लेकर चल रही बातचीत, शर्तों और ईरान की मांगों को लेकर रिपोर्ट सौंपी।

सरकारी एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, रिपोर्ट में “शांतिपूर्ण परमाणु ऊर्जा और यूरेनियम संवर्धन के अधिकार” पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही अमेरिकी नाकेबंदी और प्रतिबंध हटाने की मांग दोहराई गई।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि चर्चा के दौरान ईरान से विभिन्न मोर्चों पर संघर्ष समाप्त करने, लेबनान सहित क्षेत्रीय युद्धों को खत्म करने , अमेरिका की ओर से लगाई समुद्री नाकेबंदी को हटाने, ईरान की संपत्तियों और धन वापस करने की मांग की, युद्ध से हुए नुकसान की भरपाई, सभी एकतरफा प्रतिबंधों और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रतिबंधों को समाप्त करने और ईरान के आसपास से अमेरिकी सैन्य बलों की वापसी की बात कही गई।

यह रिपोर्ट ऐसे समय में सामने आई है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव और कूटनीतिक बातचीत दोनों जारी हैं। इस बीच यूएन ने भी होर्मुज को लेकर स्थिति स्पष्ट करने पर जोर दिया है।

यूएन के अनुसार, “होर्मुज में आवाजाही पर कोई रोक नहीं होनी चाहिए।”

संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता फरहान हक ने कहा, “हम नहीं चाहते कि कोई संस्था होर्मुज स्ट्रेट में आवाजाही की स्वतंत्रता को सीमा में बांध दे।” उन्होंने कहा कि यूएन चाहता है कि समुद्र और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नौवहन की स्वतंत्रता बनी रहे।

सोमवार को ही ईरान ने समुद्री रास्ते को नियंत्रित करने के लिए नई अथॉरिटी के गठन का ऐलान किया था। ईरान ने कहा है कि अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को उसकी अनुमति लेनी होगी।