जर्मन चांसलर से ईरान नाराज, बाघेई ने ‘द ब्रोकन जग’ का जिक्र छेड़ पूछा सवाल

0
5

तेहरान, 19 मई (आईएएनएस)। ईरान को जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के हालिया बयान पर सख्त आपत्ति है। नतीजतन, उसने तुरंत तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने ऐतिहासिक जर्मन नाटक का उल्लेख कर ऐतिहासिक पात्र की याद दिलाई। वह पात्र जो अपनी गलतियों का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने में माहिर था।

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने कहा कि अमेरिका और इजरायल के परमाणु ठिकानों पर हमलों को सही ठहराने वाले देश अब अंतरराष्ट्रीय कानून और क्षेत्रीय सुरक्षा की बात कर रहे हैं।

बाघेई ने एक्स पर कहा, “अमेरिका और इजरायल ने ईरान के सुरक्षित परमाणु ठिकानों पर खुले हमले किए, लेकिन पश्चिमी देशों ने इसकी निंदा नहीं की। अब एक कथित फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन के बाद वही देश अंतरराष्ट्रीय कानून का हवाला दे रहे हैं, जबकि यूएई ने भी आधिकारिक तौर पर ईरान को जिम्मेदार नहीं ठहराया।”

ईरानी प्रवक्ता ने कहा कि अगर परमाणु ठिकानों पर हमला खतरा है, तो यह नियम सभी देशों पर बराबर लागू होना चाहिए, सिर्फ पश्चिमी हितों के हिसाब से नहीं होना चाहिए।

अपनी इस पोस्ट के साथ बाघेई ने जर्मन नाटक द ब्रोकन जग का जिक्र छेड़ा और उसको दर्शाती एक तस्वीर भी चस्पा की। साथ में लिखा कि यह रवैया जज एडम जैसा है, जो गलतियां खुद करता है लेकिन दूसरों को न्याय का ज्ञान देता है।

दरअसल हाल ही में, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने ईरान से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बिना किसी प्रतिबंध के खोलने और खाड़ी देशों को धमकी देना बंद करने की मांग की थी। इसके साथ ही मर्ज ने संयुक्त अरब अमीरात पर कथित ईरानी हमलों की आलोचना की थी।

हालांकि इससे पहले, चांसलर मर्ज ने ईरान के साथ शांति वार्ता में अमेरिका की रणनीति पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने ईरान के सामने अमेरिका के “अपमानित” होने की बात भी कही थी। इससे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और बर्लिन के बीच तनाव बढ़ गया था, जिसके बाद अमेरिका ने जर्मनी से अपने सैनिक वापस बुलाने का ऐलान भी किया था।