अलीगढ़ में हेड कांस्टेबल के बेटे ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

0
6

अलीगढ़, 19 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक हेड कांस्टेबल के बेटे ने तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

घटना थाना क्वार्सी क्षेत्र के चंद्र सिटी इलाके की है, जहां 22 वर्षीय युवक विशेष कुमार का शव घर में मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि विशेष कुमार ने अवैध असलहे से खुद को गोली मार ली।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय परिवार के लोग घर के अंदर ही मौजूद थे। तभी गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां विशेष कुमार लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता, जो पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल हैं, उन्होंने बताया कि उनका बेटा एक लड़की को लेकर मानसिक तनाव में था। उन्होंने आशंका जताई कि इसी डिप्रेशन में आकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। बताया जा रहा है कि लड़की जनपद गुन्नौर की रहने वाली है। हालांकि, परिवार के सदस्य लड़की से अनजान हैं।

परिजनों के मुताबिक, विशेष कुमार की फोन पर उस लड़की से बातचीत होती थी। पुलिस इस एंगल समेत सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

सूचना मिलने पर क्वार्सी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, इस घटना को लेकर डीएसपी अलीगढ़ सर्वम सिंह का कहना है कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अवैध असलहे को कब्जे में ले लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूछताछ में मृतक के मानसिक तनाव में होने की जानकारी सामने आ रही है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।