आईपीएल 2026: आरआर ने एलएसजी के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, रॉयल्स की कप्तानी जायसवाल कर रहे

0
7

जयपुर, 19 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का 64वां मैच सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच खेला जा रहा है। आरआर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है। रियान पराग फिट नहीं है। उनकी जगह आरआर की कप्तानी जायसवाल कर रहे हैं।

आरआर के कप्तान यशस्वी जायसवाल ने टॉस जीतकर कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह एक अच्छी विकेट लग रही है और बाद में कुछ ओस भी पड़ सकती है। हम इस पर नजर रखेंगे। मुझे राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करने पर गर्व है। पराग को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है। उम्मीद है वह ठीक हो जाएगा। हमारी टीम में तीन बदलाव किए गए हैं। जडेजा को अभी भी थोड़ी परेशानी है।”

एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, “हमें पूरा भरोसा है कि यह बल्लेबाजी के लिए एक अच्छी विकेट है। हम पहले बल्लेबाजी या गेंदबाजी, कुछ भी करने के लिए तैयार हैं। हमारे लिए बहुत कुछ दांव पर लगा है। हमें अपने ओनर और फैंस के लिए खेलने पर बहुत गर्व है। एडेन एक निजी मामले की वजह से घर चले गए हैं। उनकी जगह बडोनी खेलेंगे। शमी बाहर हैं। उनकी जगह मोहसिन आए हैं।”

एलएसजी और आरआर दोनों के लिए सीजन का यह 13वां मैच है। एलएसजी पिछले 12 मैचों में सिर्फ 4 जीत सकी है और प्लेऑफ की रेस से बाहर है, जबकि आरआर 12 मैचों में 6 जीत के साथ अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है और प्लेऑफ में चौथे स्थान की दावेदार है। आरआर के लिए यह मैच बेहद अहम है और जीत उसे प्लेऑफ के करीब ले जाएगी। सीजन की पहली मुलाकात में आरआर ने एलएसजी को 40 रन से हराया था। पराग का न होना, इस मैच में आरआर के लिए झटका है।

आरआर अपने पिछले 3 मैच लगातार हारी है और पिछले 8 मैचों में 6 मैच हारी है। टीम को एलएसजी के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर दमदार खेल दिखाना होगा। एलएसजी ने अपना पिछला मैच 7 विकेट से जीता था।

राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग इलेवन): यशस्वी जयसवाल (कप्तान), लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, सुशांत मिश्रा, संदीप शर्मा, ब्रिजेश शर्मा, यश राज पुंजा।

लखनऊ सुपर जाइंट्स (प्लेइंग इलेवन): मिशेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बडोनी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, आकाश महाराज सिंह, प्रिंस यादव।