Saturday, July 11, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति दिल्‍ली: ‘फायर विभाग पूरी तरह फेल’, मालखाने में आग के बाद ‘आप’...

दिल्‍ली: ‘फायर विभाग पूरी तरह फेल’, मालखाने में आग के बाद ‘आप’ नेता कुलदीप कुमार ने सरकार को घेरा

0
23

नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाओं के बीच मंगलवार को न्यू अशोक नगर थाने के मालखाने में भीषण आग लगने का मामला सामने आया। इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी के कोंडली विधानसभा क्षेत्र से विधायक कुलदीप कुमार ने भाजपा सरकार और फायर विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने दावा किया कि थाने के बिल्कुल पास फायर स्टेशन मौजूद होने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे की देरी कर गईं, जिसके चलते मालखाना पूरी तरह जलकर राख हो गया।

विधायक कुलदीप कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि जब उन्हें आग लगने की सूचना मिली तो वह तत्काल न्यू अशोक नगर थाने पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि आग काफी देर से लगी हुई थी और पूरे परिसर में धुआं फैल चुका था।

उनके अनुसार, लगभग एक घंटे तक आग पर काबू पाने के लिए कोई दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

उन्होंने कहा कि थाने के मालखाने के साथ-साथ एक छोटा केबिन भी आग की चपेट में आ गया। सबसे गंभीर बात यह रही कि थाना परिसर के बगल में ही फायर स्टेशन स्थित है, इसके बावजूद दमकल विभाग का इतना विलंब से पहुंचना कई सवाल खड़े करता है।

कुलदीप कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा की “चार इंजन सरकार” दिल्ली के फायर विभाग को प्रभावी ढंग से संचालित करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने हाल के पालम और विवेक विहार अग्निकांड का भी उल्लेख किया, जिनमें कई लोगों की जान चली गई थी।

विधायक ने कहा कि उन घटनाओं में भी फायर विभाग की लापरवाही सामने आई थी, लेकिन सरकार ने उससे कोई सबक नहीं लिया। उनका कहना था कि यदि समय रहते दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंच जातीं तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी।

कुलदीप कुमार ने दिल्ली सरकार से मांग की कि भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए फायर विभाग की तैयारियों और रिस्पॉन्स टाइम में तत्काल सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि फायर स्टेशन के पास स्थित थाने तक पहुंचने में एक घंटा लग रहा है, तो घनी आबादी वाले इलाकों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।