दिल्ली पुलिस की कार्रवाई: अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गैंग का भंडाफोड़, 14 पिस्टल और 20 कारतूस बरामद

0
2

नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। दिल्ली की द्वारका जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इसके साथ ही पुलिस ने बड़े पैमाने पर हथियारों को भी बरामद किया है।

बताया गया कि पुलिस ने अब तक 14 पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को ‘नो गन्स, नो गैंग्स’ अभियान के तहत अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार, इस अभियान की शुरुआत द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह और अतिरिक्त डीसीपी-1 निहारिका भट्ट के नेतृत्व में की गई थी, जिसका उद्देश्य अपराधियों पर शिकंजा कसना और अवैध हथियारों पर पूरी तरह रोक लगाना है।

13 सितंबर 2025 को गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर स्पेशल स्टाफ ने अंतरराज्यीय हथियार सप्लायर कुंवर पाल उर्फ कपिल (27) को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 8 देसी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। इस मामले में बाबा हरिदास नगर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।

पूछताछ में आरोपी ने हथियार सप्लाई नेटवर्क के मुख्य सरगना हरमेश सिंह उर्फ रमेश सिंह उर्फ मेचू का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह फरार चल रहा था। उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए थे।

18 मई को पुलिस ने मेवात क्षेत्र के गांव जुरहेड़ा में छापेमारी कर हरमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक आधुनिक पिस्टल, 5 देसी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हरमेश सिंह पहले से ही पांच आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस ने बताया कि इस पूरे ऑपरेशन में अब तक 1 आधुनिक पिस्टल, 13 देसी पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस बरामद किए जा चुके हैं।

पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है।