अमित शाह ने नक्सलवाद खत्म करने का जो वादा किया था, उसे पूरा करके दिखाया: शाहनवाज हुसैन

0
6

मुंबई, 19 मई (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देशभर में लोग गृह मंत्री अमित शाह की सराहना कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने नक्सलवाद खत्म करने का जो वादा किया था, उसे पूरा करके दिखाया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा छत्तीसगढ़ के बस्तर को ‘माओवादी मुक्त’ घोषित किए जाने के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने इसे देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। शिंदे ने अमित शाह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जो संकल्प लिया था, उसे पूरा करके दिखाया है।

दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि 31 मार्च 2026 की तय समयसीमा से पहले ही बस्तर और देश के कई हिस्सों से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। अमित शाह ने यह घोषणा छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर में आयोजित केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में की। खास बात यह रही कि इस महत्वपूर्ण क्षेत्रीय बैठक का आयोजन पहली बार बस्तर में किया गया।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “मैं गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद और बधाई देता हूं। उन्होंने घोषणा की थी कि भारत को नक्सलवाद से मुक्त किया जाएगा और आज हमने देखा कि बस्तर माओवादी-मुक्त हो गया है।”

उन्होंने कहा, “पूरा भारत भी अब नक्सलवाद से मुक्त हो रहा है और यह बहुत बड़ी उपलब्धि है।”

एकनाथ शिंदे ने उम्मीद जताई कि जिन इलाकों से नक्सलवाद पूरी तरह खत्म हुआ है, वहां अब तेजी से विकास होगा और लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अब इन क्षेत्रों में सड़कें बनेंगी, स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी और शिक्षा व्यवस्था में भी सुधार आएगा। इसका लोगों के जीवन पर सकारात्मक असर पड़ेगा।

शिवसेना प्रमुख ने कहा, “यह देश के गृह मंत्री अमित शाह द्वारा किया गया बहुत बड़ा काम है।”

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में महाराष्ट्र सरकार ने भी गढ़चिरौली जिले से नक्सलवाद खत्म करने की दिशा में लगातार काम किया है और यह भी एक बड़ी उपलब्धि है।

एकनाथ शिंदे ने कहा, “आज हर भारतीय को अमित शाह पर गर्व है कि उन्होंने भारत को नक्सलवाद मुक्त बनाने का अपना संकल्प पूरा किया।”