पीसीएमसी में फिजिशियन सहित 63 पदों पर सरकारी भर्ती, 20 मई को इंटरव्यू

0
2

मुंबई, 19 मई (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम (पीसीएमसी) ने फिजिशियन (चिकित्सक) सहित विभिन्न 63 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। पीसीएमसी की ओर से जारी 63 पदों में चिकित्सक के 9, प्रसूति एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञ के 6, बाल रोग विशेषज्ञ के 8, नेत्र रोग विशेषज्ञ के 10, त्वचा रोग विशेषज्ञ के 10, मनोचिकित्सक के 10 और ईएनटी विशेषज्ञ के 10 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को अलॉट किए गए पोस्टिंग केंद्र पर सप्ताह में एक बार आना होगा, जिसमें उन्हें प्रति मुलाकात 2,000 रुपए का निश्चित शुल्क के साथ प्रत्येक मरीज की जांच के लिए 100 रुपए अतिरिक्त फीस दिए जाएंगे, जो उनकी विशेषज्ञता के अंतर्गत होगा। वहीं, अधिकतम शुल्क 5,000 रुपए प्रति मुलाकात होगा।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास संबंधित विशेषज्ञता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री (एमडी/एमएस/डीएनबी/डिप्लोमा), महाराष्ट्र चिकित्सा परिषद में वैध पंजीकरण और चिकित्सा फिटनेस प्रमाण पत्र होना चाहिए।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 70 वर्ष तय की गई है। वहीं, चयनित अभ्यर्थियों की पोस्टिंग म्हेत्रेवस्ती, मोशी, यमुनानगर, सांगवी, संभाजीनगर, घरकुल, व्हेलकरवाड़ी, नेहरुनगर, बिजलीनगर, दिघी यूपीएचसी सेंटर पर किए जाएंगे।

वॉक-इन इंटरव्यू बुधवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। ऐसे में जो उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी और सभी संबंधित मूल दस्तावेजों के साथ उनके फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले पीसीएमसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन अपने साथ केंद्र पर ले जाएं।