जो सड़क पर नमाज पढ़ेगा, वो ठोकाया भी जाएगा: भूपेश चौबे

0
4

लखनऊ, 19 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में नमाज को लेकर दिया गया एक बयान अब चर्चा का विषय बन गया है। रॉबर्ट्सगंज से भाजपा विधायक भूपेश चौबे ने सड़क पर नमाज अदा करने को लेकर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि “जो सड़क पर नमाज पढ़ेगा, वो ठोकाया भी जाएगा।”

भाजपा विधायक ने साफ कहा कि किसी को भी सड़क पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नमाज मस्जिद में पढ़नी चाहिए, सार्वजनिक सड़कों को जाम करके नहीं।

दरअसल, यह बयान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ट्रैफिक बाधित करने वाली किसी भी धार्मिक गतिविधि को सड़क पर अनुमति नहीं दी जाएगी।

सीएम योगी के बयान का समर्थन करते हुए भूपेश चौबे ने कहा, “मस्जिद में नमाज पढ़िए, सड़क जाम करने के लिए कैसे बैठ सकते हैं? मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फैसला बिल्कुल सही है।”

उन्होंने आगे कहा कि पहले लोग मस्जिदों के बजाय सड़कों पर नमाज पढ़ने के लिए बैठ जाते थे, लेकिन जब से प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आई है, तब से इस स्थिति में सुधार देखने को मिला है।

भूपेश चौबे ने दावा किया कि धीरे-धीरे सड़क पर नमाज पढ़ने की यह परंपरा समाप्त हो रही है। उनके मुताबिक, सरकार कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है और सार्वजनिक स्थानों को आम लोगों की सुविधा के लिए खाली रखना जरूरी है।

बता दें कि 18 मई को लखनऊ में आयोजित एक मीडिया कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने सार्वजनिक सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर सख्त चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि उनकी सरकार किसी भी ऐसी धार्मिक गतिविधि की अनुमति नहीं देगी, जिससे ट्रैफिक बाधित हो।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि कानून सभी समुदायों पर समान रूप से लागू होता है और सार्वजनिक सड़कें यात्रियों, रोजमर्रा के कामकाजी लोगों और आपातकालीन सेवाओं के लिए खुली रहनी चाहिए।