एआई का असर! मेटा ने 8,000 कर्मचारियों की छंटनी शुरू की

    0
    4

    नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। मेटा प्लेटफॉर्म्स ने बुधवार को करीब 8,000 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है। इसकी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के कारण संगठन का पुनर्गठन है। यह जानकारी कई रिपोर्ट्स में दी गई।

    फेसबुक की पेरेंट कंपनी ने चरणबद्ध तरीके से छंटनी की सूचनाएं भेजना शुरू कर दिया है, जिससे वैश्विक स्तर पर उसके लगभग 10 प्रतिशत कर्मचारियों के प्रभावित होने और भूमिकाओं में बदलाव होने की उम्मीद है।

    रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि एक इंटरनल मेमो में मेटा की पुनर्गठन प्रक्रिया के तहत लगभग 7,000 कर्मचारियों को एआई-केंद्रित नई भूमिकाओं में स्थानांतरित करने की योजना का जिक्र किया गया है।

    कर्मचारियों को भेजे गए एक मेमो में, मेटा की एचआर चीफ जेनेल गेल ने कहा कि कई टीमों को एआई-आधारित सिद्धांतों के आधार पर पुनर्गठित किया जा रहा है ताकि सरल संरचनाएं और छोटे समूह बनाए जा सकें जो अधिक जिम्मेदारी के साथ तेजी से काम कर सकें।

    गेल ने कहा,“बदलावों पर काम करते हुए, कई टीमों ने एआई-आधारित डिजाइन सिद्धांतों को अपनी नई संगठनात्मक संरचनाओं में शामिल किया।”

    रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी अमेरिकी कर्मचारियों को भी छंटनी के प्रभावी होने वाले दिन घर से काम करने के लिए कहा गया था, यह एक ऐसी प्रक्रिया है जिसका पालन मेटा ने पिछली छंटनी घोषणाओं के दौरान भी किया था।

    यह पुनर्गठन ऐसे समय में हो रहा है जब मेटा एआई बुनियादी ढांचे पर खर्च में काफी वृद्धि कर रहा है।

    इसके अलावा, कंपनी ने 2026 के लिए 125 अरब डॉलर से 145 अरब डॉलर के बीच पूंजीगत व्यय का अनुमान लगाया है, जो मुख्य रूप से एआई डेटा केंद्रों, कस्टम चिप्स और मॉडल प्रशिक्षण पर केंद्रित है।

    सीईओ मार्क जकरबर्ग ने कथित तौर पर कर्मचारियों को बताया कि एकत्रित डेटा का उद्देश्य केवल एआई प्रणालियों को बेहतर बनाना है, न कि निगरानी करना।