खुद को स्क्रीन पर नहीं देख पाते एडम ड्राइवर, बोले- ‘फिल्म शुरू होते ही मैं छिप जाता हूं’

0
8

मुंबई, 20 मई (आईएएनएस)। हॉलीवुड अभिनेता एडम ड्राइवर इन दिनों अपनी आने वाली क्राइम ड्रामा फिल्म ‘पेपर टाइगर’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म के प्रीमियर के लिए वह कान्स फिल्म फेस्टिवल में पहुंचे और एक दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वह अपनी ही एक्टिंग को स्क्रीन पर देखने से बचने की कोशिश करते हैं।

एडम ड्राइवर ने बताया, “जब फिल्म शुरू होने वाली होती है, तब मैं थिएटर के अंदर बैठने के बजाय चुपके से ऐसी जगह चला जाता हूं, जहां से बाहर का नजारा दिखाई देता हो, और फिर वापस थिएटर में आ जाता हूं। मैं कोशिश करता हूं कि किसी का ध्यान मेरी तरफ न जाए, ताकि फिल्म खत्म होने के समय मैं वहां मौजूद रह सकूं।”

बता दें कि एडम ड्राइवर हॉलीवुड के सबसे सफल और चर्चित अभिनेताओं में गिने जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके अंदर यह झिझक आज भी बनी हुई है। उन्होंने अपने करियर में कई बड़ी फिल्में दी हैं, जिसमें ‘दिस इज व्हेयर आई लीव यू’, ‘पैटरसन’, ‘साइलेंस’, ‘हाउस ऑफ गुच्ची’, ‘व्हाइट नॉइज’ और ‘फेरारी’ जैसी फिल्में शामिल हैं। लेकिन इन सब के बावजूद वह खुद को स्क्रीन पर देखकर पूरी तरह सहज महसूस नहीं कर पाते।

एडम ने बताया, ”पहले मैं इस घबराहट को कम करने के लिए थोड़ी ड्रिंक लेता था, लेकिन ज्यादा नहीं पी पाता था, क्योंकि अगर स्क्रीन पर लोग रो रहे हों और आप बहुत ज्यादा उत्साहित होकर थिएटर में लौटें, तो वह स्थिति अजीब लग सकती है।”

फिल्म के निर्देशक जेम्स ग्रे ने भी एडम ड्राइवर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ”एडम जैसे कलाकार बहुत कम मिलते हैं। मैंने फिल्म में ‘गैरी पर्ल’ नाम का किरदार खासतौर पर एडम को ध्यान में रखकर लिखा था। मुझे शुरू से भरोसा था कि इस किरदार को एडम से बेहतर कोई नहीं निभा सकता।”

जेम्स ग्रे ने आगे कहा, ”एडम ड्राइवर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह एक साथ दो अलग-अलग भावनाओं को पर्दे पर बेहद शानदार तरीके से दिखा सकते हैं। यही बात उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाती है।”

वहीं फिल्म में एडम ड्राइवर के साथ काम कर रहीं अभिनेत्री स्कारलेट जोहानसन ने भी निर्देशक जेम्स ग्रे की तारीफ की। उन्होंने कहा, ”उनके साथ काम करना बेहद शानदार अनुभव रहा। फिल्म की शूटिंग के दौरान मैंने हर पल को खूब एंजॉय किया और इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर मुझे काफी खुशी हुई।”