Sunday, July 12, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth ईसीएचएस-विशाखापत्तनम भर्ती अलर्ट: मेडिकल स्पेशलिस्ट सहित कई पदों पर नियुक्ति का मौका,...

ईसीएचएस-विशाखापत्तनम भर्ती अलर्ट: मेडिकल स्पेशलिस्ट सहित कई पदों पर नियुक्ति का मौका, 22 मई अंतिम तिथि

0
22

अमरावती, 20 मई (आईएएनएस)। पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (एक्स-सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम) ने ईसीएचएस विशाखापत्तनम-I, काकीनाडा और विजयनगरम स्थित ईसीएचएस पॉलीक्लिनिकों में संविदा कर्मचारियों को एक वर्ष की अवधि के लिए संविदा आधार पर अलग-अलग कुल 5 पदों पर नियुक्त करने हेतु एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किया है। यह अवधि उम्मीदवारों के प्रदर्शन/प्रत्येक पद के सामने उल्लिखित मानदंडों के अनुसार अन्य शर्तों के अधीन एक वर्ष की अतिरिक्त अवधि के लिए/अधिकतम आयु प्राप्त करने तक अपडेट की जा सकती है।

ईसीएचएस की ओर से जारी 5 रिक्तियों में चिकित्सा अधिकारी (मेडिकल ऑफिसर) के 1, चिकित्सा विशेषज्ञ (मेडिकल स्पेशलिस्ट) के 2 और दंत चिकित्सा सहायक/तकनीशियन/स्वच्छता विशेषज्ञ (डेंटल असिस्टेंट/टेक्नीशियन/हाइजीनिस्ट) के 2 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 22 मई तय की गई है। ऐसे में मेडिकल क्षेत्र से जुड़े जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार एमबीबीएस, संबंधित विशेषज्ञता में एमडी/एमएस/डीएनबी, डेंटल एच/टी/ए में डिप्लोमा धारक या क्लास 1 डेंटल एच/टी/ए डोरा पाठ्यक्रम (सशस्त्र बल) होना चाहिए। इसी के साथ सभी पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 3 से 5 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु पद अनुसार रोजगार के लिए 56 से 68 वर्ष और संविदात्मक सेवा के लिए 58 से 70 वर्ष के बीच तय की गई है। वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी डेंटल पद के लिए 36,500 रुपए, मेडिकल ऑफिसर पद के लिए 95,000 रुपए और मेडिकल स्पेशलिस्ट पद के लिए 1,30,000 रुपए प्रति माह होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईसीएचएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स की फोटोकॉपी को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे ‘ओआईसी, स्टेशन मुख्यालय (ईसीएचएस सेल), नौसेना बॉघ, पीओ – ​​गांधीग्राम, विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश, पिन-530005’ पते पर डाक कर दें।