Monday, July 13, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पीएम मोदी की विदेश यात्रा पर बोले एनडीए नेता- द्विपक्षीय संबंधों को...

पीएम मोदी की विदेश यात्रा पर बोले एनडीए नेता- द्विपक्षीय संबंधों को मिली नई पहचान

0
21

पटना, 21 मई (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने पीएम मोदी के इटली दौरे को लेकर कहा कि पीएम मोदी दूसरे देशों में यात्रा कर भारत के लिए योजना लाते हैं। इसी संदर्भ में पीएम मोदी ने पांच देशों का दौरा किया है। पीएम मोदी की यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों को नई पहचान मिली है।

रामकृपाल यादव ने कहा कि पीएम मोदी इटली गए थे, वहां देशवासियों के हित में कई अहम करार हुए। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी परेशान हैं और वे मानसिक संतुलन खो चुके हैं। राहुल गांधी की वजह से कांग्रेस की दुर्गति हो रही है। राहुल गांधी लगातार ऐसे ही करते रहे तो पूरे देश से कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए राहुल की टिप्पणी कहीं से भी उचित नहीं है।

दिल्ली में भाजपा की बैठक को लेकर रामकृपाल ने कहा कि जब देश में कोई बड़ी समस्या आती है तो उसके निदान के लिए विचार-विमर्श किया जाता है। यह बैठक भी इसी संदर्भ में होगी।

एनडीए की सरकार पर तेजस्वी यादव के बयान को लेकर रामकृपाल यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव अपनी सरकार के कार्यकाल को भूल गए हैं। एनडीए सरकार ने विधि-व्यवस्था को दुरुस्त किया है। अपराधियों की स्थिति खराब है। कानून के साथ खिलवाड़ करने वाले लोग नहीं बचेंगे। अब बिहार में सब लोग सुरक्षित हैं। जब तेजस्वी यादव की पार्टी की सरकार थी तो लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे।

किशनगंज में एनकाउंटर को लेकर रामकृपाल यादव ने कहा कि अपराध मुक्त बिहार बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जो अपराध करेगा वो सीधे ऊपर जाएगा। अभी हाफ एनकाउंटर हुआ है। आने वाले दिनों में फुल एनकाउंटर होगा। इस लिए जिस अपराधी को अपराध करना हो, वो बिहार छोड़ दे।

पीएम मोदी की इटली यात्रा पर जदयू नेता राजीव रंजन ने कहा कि भारत और इटली के रिश्ते हमेशा से बहुत अहम रहे हैं और हमारी व्यापारिक और रणनीतिक साझेदारी काफी पुरानी है। जॉर्जिया मेलोनी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच भी रिश्ते काफी मजबूत रहे हैं। जब दो देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच अच्छे निजी संबंध होते हैं, तो इससे द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने में बहुत मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि हम कह सकते हैं कि यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण यात्रा है, और आने वाले वर्षों में, भारत और इटली दोनों को ही इस जुड़ाव से बहुत फायदा होगा।