पीएम मोदी की अपील के बाद बाइक से पहुंचे यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, नंद किशोर गुर्जर ने राहुल और अखिलेश को घेरा

0
4

लखनऊ, 21 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बाइक से यात्रा कर रहे हैं। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जो परिस्थियां बनी हैं। उसकी वजह से नेताओं से तेल पर निर्भरता कम होने की अपेक्षा की है।

सुरेश खन्ना ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी की ओर से की गई अपील का हम पालन कर रहे हैं। पिछले हफ्ते हम साइकिल से और आज मोटरसाइकिल से आए हैं। आज हम गाड़ी का इस्तेमाल नहीं करेंगे। उन्होंने सभी लोगों से पीएम मोदी की अपील का पालन करने का आग्रह किया।

भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि पीएम मोदी की अगुवाई में पूरी दुनिया सनातन की ओर दौड़ रही है। कई देशों के लोग सनातनी बन रहे है। राधे-राधे और हर हर महादेव का जाप कर रहे हैं। यूपी में सीएम योगी ने जिस तरह से हिंदुत्व की पताका लहराई, उसकी की वजह से इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज, फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या किया गया।

नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि हम सबका साथ, सबका विकास के आधार पर काम करते हैं। बंगाल में भाजपा की जीत के बाद अखिलेश यादव घुटनों के बल पर आए हैं और हनुमान चालीसा पढ़ते हुए उनको देखा जा सकता है। यूपी में सपा की हार निश्चित है।

राहुल गांधी के बयान पर नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि राहुल गांधी जब भी देश के बाहर जाते हैं, वे भारत के खिलाफ बोलते हैं। टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ खड़े हो जाते हैं। पीएम मोदी को लेकर उन्होंने जो टिप्पणी की है, उससे उनका सूपड़ा साफ हो जाएगा। उनके इस बयान का जनता जवाब देगी।

वंदे मातरम को लेकर नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस की ओर से बयानबाजी की जाती है। अगर अपने देश में राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत नहीं गाया जाएगा तो राष्ट्रवाद का कोई मतलब नहीं है। बंगाल में गुंडों की कमर तोड़ने के लिए मैं मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को बधाई देता हूं।