मुर्शिदाबाद: भाजपा विधायक ने सीमावर्ती इलाके का दौरा किया, कहा- फेंसिंग न होने से तस्करी और घुसपैठ

0
6

मुर्शिदाबाद, 21 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार के भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को जमीन सौंपे जाने के बाद भाजपा विधायक चित्त मुखर्जी ने सीमावर्ती इलाके का दौरा किया। उन्होंने सीमा क्षेत्र में मौजूद समस्याओं का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

जायजा लेने के बाद मीडिया से बात करते हुए भाजपा विधायक चित्त मुखर्जी ने कहा कि सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इलाके में बिजली समेत कई बुनियादी सुविधाओं की कमी है, जिससे बीएसएफ के जवानों को दिक्कत होती है। सीमा के पास बड़ी मात्रा में जमीन खाली पड़ी है और फेंसिंग नहीं होने की वजह से घुसपैठ और तस्करी की घटनाएं बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि अगर सीमा पर फेंसिंग पूरी हो जाए तो बीएसएफ का काम आसान हो जाएगा। इससे देश की सुरक्षा मजबूत होगी और घुसपैठ तथा तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि दौरे के बाद वह राज्य के मुख्यमंत्री और डीएम को इलाके की स्थिति से अवगत कराएंगे, ताकि समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।

बता दें कि पश्चिम बंगाल के मंत्रिमंडल की पहली बैठक में ही बांग्लादेश के साथ वर्तमान में बिना बाड़ वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कांटेदार बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को 45 दिनों के भीतर भूमि आवंटित करने का निर्णय लिया गया था।

प्रदेश के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को बताया कि लगभग 27 किलोमीटर भूमि आधिकारिक तौर पर बीएसएफ को सौंप दी गई है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस उद्देश्य के लिए आवश्यक पूरी भूमि सौंपने की प्रक्रिया अगले दो सप्ताह के भीतर पूरी हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल को 27 किलोमीटर भूमि आधिकारिक रूप से सौंपने की इस प्रक्रिया की मात्र शुरुआत है। पश्चिम बंगाल की देशभक्त जनता के सहयोग और अत्यंत कुशल एवं प्रतिभाशाली राज्य सरकार के अधिकारियों के कुशल संचालन के कारण पूरी प्रक्रिया अगले दो सप्ताह के भीतर पूरी होने की उम्मीद है।