शिवमोग्गा, 21 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक के मडिकेरी जिले स्थित डुबारे एलीफेंट कैंप में दो पालतू हाथियों के बीच हुई लड़ाई में महिला पर्यटक की मौत के बाद एहतियातन शिवमोग्गा के साकरेबैले एलीफेंट कैंप को भी अस्थायी रूप से पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। इस घटना में घायल हाथी ‘मार्तंड’ की भी बाद में मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि नए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) लागू होने तक साकरेबैले कैंप में पर्यटकों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
पहले केवल हाथियों को नहलाने और उनके साथ सीधे संपर्क वाली गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया था, जबकि पर्यटकों को दूर से हाथियों को देखने की अनुमति थी। लेकिन अब किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कैंप में सभी तरह की पर्यटक गतिविधियां रोक दी गई हैं।
अधिकारियों के अनुसार, संशोधित सुरक्षा दिशा-निर्देश और नई एसओपी लागू होने तक यह प्रतिबंध जारी रहेगा।
शिवमोग्गा तालुक के गजानूर के पास तुंगा जलाशय के बैकवाटर क्षेत्र में स्थित साकरेबैले एलीफेंट कैंप कर्नाटक का लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, जहां बड़ी संख्या में लोग हाथियों के साथ गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं।
गौरतलब है कि सोमवार को डुबारे एलीफेंट कैंप में दो हाथियों की लड़ाई के दौरान तमिलनाडु की पर्यटक एस. जुनीस की मौत हो गई थी।
महिला की मौत के बाद, प्रशासन ने डुबारे एलीफेंट कैंप को भी पूरी तरह बंद कर दिया है और पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
घटना में महिला के पति जोयल गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए कुशलनगर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, चेन्नई निवासी दंपती सोमवार सुबह डुबारे एलीफेंट कैंप पहुंचे थे। उन्होंने पहले प्रशिक्षित हाथियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। बाद में अन्य पर्यटकों के साथ वे उस जलक्षेत्र में उतर गए, जहां महावत हाथियों को नहला रहे थे। पर्यटक भी हाथियों को साफ करने और नहलाने की गतिविधि में हिस्सा ले रहे थे।
इसी दौरान ‘मार्तंड’ और ‘कंजन’ नाम के दो पालतू हाथी अचानक आपस में भिड़ गए। महावतों ने उन्हें नियंत्रित करने की काफी कोशिश की, लेकिन दोनों हाथियों के बीच संघर्ष जारी रहा।
अफरा-तफरी के बीच हाथी मार्तंड कथित रूप से महिला पर्यटक पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में अन्य पर्यटकों और अधिकारियों ने दोनों को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मंगलवार को लड़ाई में गंभीर रूप से घायल हाथी मार्तंड ने भी दम तोड़ दिया।
सूत्रों के अनुसार, मार्तंड को आंतरिक रूप से गंभीर चोटें आई थीं। वह हमले के दौरान गिर पड़ा था और फिर उठ नहीं सका। बताया जा रहा है कि करीब 15 मिनट तक उस पर लगातार हमला होता रहा। पशु चिकित्सकों के अनुसार, अत्यधिक खून बहने के कारण उसके हृदय की कार्यक्षमता बुरी तरह प्रभावित हुई थी।

