Friday, May 22, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मुंबई के बांद्रा में ध्वस्तीकरण का काम लगभग पूरा, हटाया जा रहा...

मुंबई के बांद्रा में ध्वस्तीकरण का काम लगभग पूरा, हटाया जा रहा मलबा

0
6

बांद्रा, 22 मई (आईएएनएस)। कोर्ट के आदेश के बाद लगातार चौथे दिन बांद्रा ईस्ट स्टेशन के पास रेलवे की जमीन पर बनी एक अवैध बस्ती को गिराने का काम लगभग पूरा हो गया है। अब मलबा हटाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) विनीत अभिषेक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बाताया कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का शुक्रवार को चौथा दिन रहा। बिना किसी अवरोध के 19 मई से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी है। अब तक 100 प्रतिशत अवैध संरचना को तोड़ दिया गया है।

सीपीआरओ विनीत अभिषेक ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार, जिन 100 संरचनाओं को पूरी तरह से ध्वस्त नहीं किया जा रहा है, फर्स्ट फ्लोर को छोड़कर उसके ऊपर बने संरचना को हटाया जा रहा है। सुरक्षा के सभी मानकों का ध्यान रखते हुए ऊंचाई वाले तल को हटाया जा रहा है। बाकी का कार्य शाम तक या शनिवार तक पूरा कर लिया जाएगा।

सीपीआरओ विनीत अभिषेक बताया कि इस पूरे इलाके को सुरक्षित करने के लिए गुरुवार शाम के बाद यहां पूरी तरह से बैरिकेडिंग और फेंसिंग का कार्य किया जाएगा। पहले दिन (19 मई) से ही 1,000 से 1,200 करीब स्टाफ की तैनाती की गई है। ज्यादातर सिटी पुलिस के लोग हैं। इसके अलावा आरपीएफ और जीआरपी के जवानों की तैनाती की गई है।

उन्होंने बताया कि यह 300 स्क्वायर मीटर की जमीन है। जब पूरे इलाके को साफ कर लिया जाएगा तो यहां पर ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान किया जाएगा। यात्रियों को बांद्रा टर्मिनस और बांद्रा लोकल आने-जाने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

बता दें कि मुंबई पुलिस ने बांद्रा के गरीब नगर इलाके में हुई पत्थरबाजी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की जांच तेजी से जारी है और आगे भी कई गिरफ्तारियां हो सकती हैं।