Friday, May 22, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth डीएससीआई भर्ती अलर्ट: जूनियर रेजिडेंट के 16 पदों पर नौकरी का अवसर,...

डीएससीआई भर्ती अलर्ट: जूनियर रेजिडेंट के 16 पदों पर नौकरी का अवसर, 25 मई को वॉक-इन इंटरव्यू

0
6

नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान (डीएससीआई) ने जूनियर रेजिडेंट के कुल 16 पदों पर पात्र अभ्यर्थियों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं।

जूनियर रेजिडेंट के पोस्ट के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से एमबीबीएस की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास साक्षात्कार की तिथि से दो वर्ष पहले तक एक वर्ष की इंटर्नशिप पूरी की होनी चाहिए। वहीं, उम्मीदवार का दिल्ली चिकित्सा परिषद में पंजीकृत होना अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू के तारीख के हिसाब से की जाएगी। वहीं आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को सरकार के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, लिखित परीक्षा (यदि उम्मीदवारों की संख्या अधिक हो), चिकित्सा परीक्षण और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 56,100 रुपए प्रतिमाह होगी। इसी के साथ उम्मीदवारों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

वॉक-इन इंटरव्यू 25 मई को सुबह 10.30 बजे से 11.30 बजे तक ‘डीएससीआई (पूर्व) में निदेशक का कार्यालय’ पते पर आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी और सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले डीएससीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर अपने साथ ले जाएं।