Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth डीपीसीसी में वैज्ञानिक सहित 52 पदों पर वैकेंसी, 2 लाख रुपए से...

डीपीसीसी में वैज्ञानिक सहित 52 पदों पर वैकेंसी, 2 लाख रुपए से ज्यादा सैलरी, जानें आवेदन की अंतिम तारीख

0
6

नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। हाई पैकेज वाली नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) ने केंद्र/राज्य सरकार/केंद्र शासित प्रदेश/मान्यता प्राप्त अनुसंधान संस्थान/स्वायत्त निकाय/वैधानिक निकाय/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में नियमित आधार पर कार्यरत उम्मीदवारों से वैज्ञानिक सहित विभिन्न 52 पदों पर नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।

डीपीसीसी ने जिन 52 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की है, उनमें वरिष्ठ पर्यावरण इंजीनियर के 7, पर्यावरण इंजीनियर के 15, सहायक पर्यावरण इंजीनियर के 11, वरिष्ठ वैज्ञानिक एल-II (वैज्ञानिक-डी) का 1, वरिष्ठ वैज्ञानिक एल- I (वैज्ञानिक-सी) के 2, वैज्ञानिक-बी का 1, वैज्ञानिक सहायक के 4, वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक के 5, सहायक विधि अधिकारी का 1 और कानूनी सहायक के 5 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 18 मई से शुरू हो गई है और प्रथम चरण में आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 मई, द्वितीय चरण में आवेदन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 15 जून और तृतीय चरण में आवेदन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म जमा करने की सोच रहे हैं, उन्हें तय तिथि के अनुसार अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार इंजीनियरिंग में मास्टर/बैचलर डिग्री (सिविल/पर्यावरण/रसायन/विद्युत/यांत्रिक/ईसीई/बायोमेडिकल/जल संसाधन/रिमोट सेंसिंग/जीआईएस/हाइड्रोलॉजी), विज्ञान में मास्टर डिग्री, विज्ञान में बैचलर डिग्री, कानून में बैचलर डिग्री, प्रदूषण नियंत्रण या संबंधित क्षेत्र में अनुभव, प्रयोगशाला कार्य या कानूनी कार्य का अनुभव होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में अन्य निर्धारित पात्रता और कौशल का होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के हिसाब से की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को सरकार के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन पत्र की जांच, दस्तावेज सत्यापन और सक्षम प्राधिकारी द्वारा किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 35,400 से 2,09,200 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले डीपीसीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे ‘प्रशासनिक अधिकारी, डीपीसीसी, तीसरी मंजिल, आईटी पार्क, डीएमआरसी बिल्डिंग, शास्त्री पार्क, दिल्ली-110053’ पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक से भेज दें।