Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय असम राइफल्स का सामुदायिक अभियान, युवाओं को शिक्षा और अनुशासन के लिए...

असम राइफल्स का सामुदायिक अभियान, युवाओं को शिक्षा और अनुशासन के लिए किया प्रेरित

0
1

इंफाल, 22 मई (आईएएनएस)। मणिपुर में शांति, सौहार्द और युवाओं के बेहतर भविष्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से असम राइफल्स ने राज्य के विभिन्न इलाकों में सामुदायिक संपर्क अभियान तेज कर दिया है।

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि असम राइफल्स द्वारा गुरुवार और शुक्रवार को कई जागरूकता और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका मकसद युवाओं को शिक्षा, अनुशासन, खेल और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना था।

रक्षा प्रवक्ता के मुताबिक, इन कार्यक्रमों के जरिए सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों के बीच भरोसा और आपसी सहयोग को भी मजबूत करने की कोशिश की गई।

गुरुवार को असम राइफल्स ने फेरजावल जिले के थानलोन गांव में एक विशेष आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया। यह गांव चुराचांदपुर जिला मुख्यालय से करीब 130 किलोमीटर दूर पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है। कार्यक्रम में करीब 200 स्थानीय लोगों, छात्रों और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।

इस दौरान असम राइफल्स के वरिष्ठ अधिकारियों ने गांव के बुजुर्गों और सामुदायिक नेताओं से मुलाकात कर क्षेत्रीय विकास, शिक्षा और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। छात्रों के लिए एक प्रेरणादायक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें मेहनत, अनुशासन और समाज व राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

युवाओं में खेल भावना, टीमवर्क और एकता को बढ़ावा देने के लिए लड़कों और लड़कियों के बीच प्रदर्शनी फुटबॉल मैच भी आयोजित किया गया। स्थानीय लोगों ने असम राइफल्स की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उनमें सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होती है।

शुक्रवार को यह अभियान आगे बढ़ाते हुए चुराचांदपुर जिले के फैबेम गांव स्थित हिल अकादमी के लगभग 200 छात्रों के लिए एक इंटरैक्टिव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैन्य उपकरणों और हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जिसे देखकर छात्रों में काफी उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली। इससे उन्हें सुरक्षा बलों के कामकाज को करीब से समझने का मौका मिला।

इसके बाद छात्रों को प्रेरणादायक फिल्म ‘इक्कीस’ दिखाई गई, जिसका उद्देश्य उनमें देशभक्ति, साहस, अनुशासन और समर्पण की भावना विकसित करना था। छात्रों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए असम राइफल्स ने विशेष परिवहन व्यवस्था भी की, जिससे स्थानीय लोगों के बीच भरोसा और मजबूत हुआ।

इसी कड़ी में न्यू कीथेलमनबी स्थित असम राइफल्स पब्लिक स्कूल में 75 छात्रों के लिए योग सत्र भी आयोजित किया गया। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग शिक्षकों ने छात्रों को योगासन, प्राणायाम और ध्यान की जानकारी दी।

असम राइफल्स ने कहा कि ऐसे प्रयासों के जरिए युवाओं को प्रेरित करने के साथ-साथ मणिपुर में शांति, भाईचारे और आपसी विश्वास को और मजबूत किया जा रहा है।