Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति गाय का विशेष स्थान, श्रद्धा बनाए रखना हमारा कर्तव्य : दिलीप घोष

गाय का विशेष स्थान, श्रद्धा बनाए रखना हमारा कर्तव्य : दिलीप घोष

0
6

पश्चिम मेदिनीपुर, 23 मई (आईएएनएस)। ईद-उल-अजहा के दौरान पशु-वध नियमों में छूट को लेकर चल रही बहस के बीच पश्चिम बंगाल सरकार पर कलकत्ता हाई कोर्ट की टिप्पणी के बाद बयानबाजी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि भारत में रहने वाला हर व्यक्ति देश की संस्कृति और परंपराओं को समझता है तथा गाय का भारतीय समाज में विशेष स्थान है। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी और राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के कथित दुरुपयोग पर भी टिप्पणी की।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि भारत में रहने वाला हर व्यक्ति संस्कृति को समझता है। जिस प्रकार नदियों में गंगा को विशेष दर्जा प्राप्त है, उसी तरह पशुओं में गाय का भी विशेष स्थान है। हर भारतीय इसका सम्मान करता है। जो लोग इस भावना को नहीं मानते, उनके साथ कानून के अनुसार निपटा जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि कलकत्ता हाई कोर्ट द्वारा बंगाल सरकार से ईद-उल-अजहा के लिए पशु-वध नियमों में छूट देने के संबंध में फैसला लेने को कहा गया है और यह एक अच्छा सुझाव है। उन्होंने कहा कि सरकार इस पर विचार करेगी। लेकिन, बिना किसी घोषणा के भी सम्मान करना हमारी संस्कृति और संस्कार का हिस्सा है। गाय के प्रति हमारे मन में जो श्रद्धा है, उसे बनाए रखना चाहिए।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई हालिया बढ़ोतरी पर घोष ने कहा कि वैश्विक आर्थिक स्थिति का अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ रहा है। डीजल और पेट्रोल की कीमतें सालों से बढ़ रही हैं। सरकार ने ईंधन की कीमतों पर सब्सिडी दी है। हालांकि, तेल कंपनियों ने एक सीमा पार कर ली है और उन्हें भारी नुकसान हो रहा है, जिसके कारण सरकार को कीमतें बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ा है। आम लोगों को भी तालमेल बिठाना चाहिए और अपने खर्चों में कटौती करनी चाहिए।

राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के कथित दुरुपयोग और पाकिस्तान के साथ सूचना साझा करने के आरोपों पर दिलीप घोष ने तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश और पाकिस्तान पहले ऐसी हरकतें बहुत करते थे। आज वे अपनी ही समस्याओं से जूझ रहे हैं। कुछ लोग अब भी ऐसी गतिविधियों के जरिए भारत में तनाव पैदा करने की कोशिश करते हैं। लेकिन अब वे दिन चले गए। सरकार सत्ता में है और हर चीज से पूरी व्यवस्था के साथ ठीक तरीके से निपटा जाएगा।

इसी दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कई पार्षद और पंचायत प्रधान अपने कार्यालयों में नहीं आ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बैठक बुलाई है, लेकिन उसमें भी लोग शामिल नहीं हो रहे हैं। किसी को नहीं पता कि वे कहां हैं। उन्होंने इतना भ्रष्टाचार किया है कि जनता के डर से इधर-उधर भाग रहे हैं।