Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय समर्थ सिंह की गिरफ्तारी पर एडीसीपी बोले, कोर्ट में पेश कर रिमांड...

समर्थ सिंह की गिरफ्तारी पर एडीसीपी बोले, कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी पुलिस

0
3

भोपाल, 23 मई (आईएएनएस)। ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी समर्थ सिंह की गिरफ्तारी पर अतिरिक्त डीसीपी अनिल शर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत की।

एडीसीपी अनिल शर्मा ने बताया कि भोपाल पुलिस टीम जबलपुर में मौजूद थी और हमने जबलपुर पुलिस की भी मदद ली थी, जिसके बाद समर्थ सिंह को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे भोपाल लाया गया। मेडिकल जांच के बाद उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा।

एडीसीपी की ओर से कहा गया कि कानून के अनुसार, निष्पक्ष तरीके से पुलिस ने कर्तव्य का निर्वहन किया है। ये दहेज मृत्यु का मामला था, इसकी जांच के बाद मामले को दर्ज किया गया। सभी साक्ष्यों को इकठ्ठा किया गया। पुलिस और शासन के निर्देश का क्रमवार पालन किया गया है। पुलिस ने अपने कर्तव्य में कोई ढिलाई नहीं की है।

एडीसीपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस की कार्रवाई में देरी नहीं हुई है, क्योंकि कार्रवाई पुलिस ही करती है। समर्थ की इतने दिनों बाद गिरफ्तारी को लेकर एडीसीपी ने कहा कि पुलिस ने पहले दिन से ही प्रकरण के अंतर्गत संपूर्ण कार्रवाई की और आरोपी के गिरफ्तारी के भी संपूर्ण प्रयास किए गए। कोई भी आरोपी पुलिस से बचने की कोशिश करता है, लेकिन ज्यादा दिन बच नहीं पाता। आखिरकार शुक्रवार को हमने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह के बारे में पुलिस स्टेशन इंचार्ज सुनील दुबे ने बताया कि शुक्रवार रात वह जबलपुर की जिला अदालत में आत्मसमर्पण करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाया। शनिवार को उसे अदालत में पेश करेंगे और पुलिस रिमांड की मांग करेंगे। जो भी तथ्य निकलकर आएंगे उसके हिसाब से चार्जशीट दाखिल करेंगे।

ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह के वकील ज्ञानेंद्र शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि हम अग्रिम जमानत के संबंध में अपने कानूनी उपायों का इस्तेमाल कर रहे थे। इसके बाद, समर्थ सिंह ने आत्मसमर्पण कर दिया।