Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति 19वां रोजगार मेला: खड़गपुर-सिलीगुड़ी में 200 से अधिक युवाओं को मिले नियुक्ति...

19वां रोजगार मेला: खड़गपुर-सिलीगुड़ी में 200 से अधिक युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

0
6

खड़गपुर, 23 मई (आईएएनएस)। भारत सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के निरंतर प्रयासों के तहत रोजगार मेले का 19वां संस्करण शनिवार को देशभर के 47 स्थानों पर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। पीएम मोदी ने वर्चुअली जुड़कर नवनियुक्त कर्मचारियों को संबोधित किया और केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में लगभग 51,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

खड़गपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 142 नए नियुक्त उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर और पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष भी मौजूद रहे।

केंद्रीय राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में 10 लाख रोजगार उपलब्ध कराने की पहल के तहत पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में एक रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इस चरण में, ‘रोजगार मेला’ के माध्यम से देश भर में 47 स्थानों पर 51,000 व्यक्तियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जिसमें रेलवे, डाक, आईआईटी, एफसीएल और बैंकों सहित विभिन्न विभाग शामिल रहे।

उन्होंने कहा कि कम से कम 142 लोगों को नौकरी मिली है। पूरे भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोजगार मेले के तहत 51,000 लोगों को आमंत्रित किया है। यह एक बहुत ही अच्छा कार्यक्रम है। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली सभी का स्वागत करेंगे, तो सब कुछ अच्छा होगा।

पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि 19वें रोजगार मेले के तहत 51 हजार युवाओं को नौकरी मिली है। खड़गपुर में भी इस रोजगार मेले के तहत चयनित युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र दिया गया है। मुझे लगता है कि इस कार्यक्रम में 142 युवाओं को नौकरी मिली है।

दूसरी ओर, कुछ युवाओं ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद अपनी खुशी जाहिर की। कोलकाता, खड़गपुर व अन्य शहरों से आए युवाओं ने पीएम मोदी का आभार जताया। नियुक्ति पत्र मिलने पर एक युवा ने कहा कि उसे बहुत अच्छा लग रहा है कि सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र इतने बड़े कार्यक्रम में बड़े-बड़े लोगों के हाथों से मिला है।

कुछ ऐसा ही अन्य युवाओं का भी कहना था। युवाओं ने माना है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में अब मेहनत के दम पर सरकारी नौकरी पाना काफी आसान हो गया है।

बताते चलें कि रोजगार मेले के तहत सिलीगुड़ी में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जलपाईगुड़ी के लोकसभा सांसद जयंत कुमार रॉय, विधायक शिखा चटर्जी के साथ अन्य लोग मौजूद रहे। सिलीगुड़ी में आयोजित कार्यक्रम में कुल 81 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दिए गए। नए भर्ती हुए युवाओं ने अपनी खुशी ज़ाहिर की और सरकार की इस पहल का स्वागत किया।