Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय राजकोट में रोजगार मेले में युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, केंद्रीय मंत्री...

राजकोट में रोजगार मेले में युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने बढ़ाया उत्साह

0
5

राजकोट, 23 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 19वें रोजगार मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर देशभर में 51 हजार से अधिक नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसी क्रम में राजकोट में लगभग 14 मंत्रालयों में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

राजकोट डिवीजन के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार मीणा के अनुसार, रोजगार मेले के तहत रेलवे, गृह, उच्च शिक्षा, डाक, बिजली, श्रम सहित लगभग 14 मंत्रालयों में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। भारतीय रेलवे द्वारा देशभर में 47 स्थानों पर रोजगार मेलों का आयोजन किया गया।

इसी क्रम में राजकोट डिवीजन द्वारा जगजीवनराम रेलवे इंस्टीट्यूट, राजकोट में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार व खेल मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर चयनित युवाओं ने नियुक्ति पत्र प्राप्त कर खुशी व्यक्त की और केंद्र सरकार के रोजगार पहल की सराहना की।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्‍व में देश बदल रहा है। देश आगे बढ़ रहा है और नए भारत का निर्माण हो रहा है। युवाओं को योग्‍यता और उनकी क्षमता के आधार पर पूरी पारदर्शिता से नौकरी का मौका मिल रहा है।

उन्‍होंने कहा कि मुझे खुशी है कि देश में 19वें संस्‍करण के द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया गया। पिछले चार साल में रोजगार मेले के माध्‍यम से 12 लाख से ज्‍यादा युवक-युवतियों को सरकारी नौकरी में शामिल होने का अवसर मिला है। आज पीएम मोदी ने 19वें रोजगार मेले के माध्‍यम से 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस दौरान पीएम मोदी ने नवनियुक्‍त युवाओं का हौसला भी बढ़ाया।

नियुक्ति पत्र पाने वाली एक युवती ने बताया कि रोजगार मेले में मेरा चयन बैंकिंग सेक्‍टर में हुआ है। मैंने इस परीक्षा के लिए किसी प्रकार का विशेष क्‍लास नहीं लिया था। सिर्फ यूट्यूब के माध्‍यम से ऑनलाइन क्‍लास किया था। नियुक्ति पत्र मिलने से मुझे बड़ी खुशी हो रही है,क्‍योंकि मेरे सपने को पूरा करने का यह पहला चरण है। वहीं, एक अन्‍य युवती ने बताया कि मेरा डाक विभाग में चयन हुआ है,रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र मिला है। मैं सरकारी नौकरी मिलने पर केंद्र सरकार का बहुत आभार व्‍यक्‍त करती हूं।